सीएमओ ने संभाली अल्ट्रासाउंड की कमान

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : जिला अस्पताल में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. शिवमोहन शुक्ला ने स्वयं अल्ट्रासाउंड जांच की जिम्मेदारी संभाल ली है। सीएमओ जिला अस्पताल में प्रतिदिन दो-दो घंटे अल्ट्रासाउंड करेंगे।
पूर्व में जिला अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट रह चुके डॉ. शुक्ला ने शनिवार को सुबह जिला अस्पताल पहुंचकर 11 मरीजों के अल्ट्रासाउंड किए। उन्होंने बताया कि रेडियोलॉजिस्ट डॉ. संजय त्यागी के अवकाश के दौरान भी मरीजों को अल्ट्रासाउंड सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि उन्हें आवश्यक उपचार के लिए भटकना न पड़े। सीएमएस डॉ. एलडी सेमवाल ने बताया कि डॉ. संजय त्यागी 20 दिसंबर से 15 जनवरी तक अवकाश पर हैं, जिससे मरीजों को परेशानी हो रही थी। इसे देखते हुए सीएमओ ने स्वयं जांच की जिम्मेदारी ली है। इस पहल से दूर-दराज से आने वाले मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी।

सीएचसी पाबौ को उप जिला चिकित्सालय बनाया जाए
पाबौ : विकासखंड स्थित सीएचसी पाबौ को सुविधाओं से लैस करते हुए उच्चीकृत करने की मांग के लिए चोफुंडा गांव निवासी गणेश भट्ट ने धरना शुरू कर दिया है। बताया कि नाम के सीएचसी में बुनियादी सुविधाओं का टोटा बना हुआ है। जिससे क्षेत्रवासियों को स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए दूसरी जगहों की दौड़ लगानी पड़ रही है। उन्होंने पाबौ में स्त्रीरोग व हड्डी रोग विशेषज्ञों के साथ ही अल्ट्रासाउंड व एक्सरे मशीनों को भी स्थापित करने की मांग उठाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *