हरिद्वार(। धर्मनगरी हरिद्वार में सूखी ठंड का प्रकोप लगातार बना हुआ है। बुधवार को भी दिनभर भीषण ठंड से लोग परेशान रहे। दोपहर के समय धूप निकलने से कुछ देर के लिए राहत जरूर मिली, लेकिन सर्द हवाओं ने ठंड का अहसास बनाए रखा। कोहरा और बादलों के कारण धूप की चमक भी फीकी रही। मौसम विभाग ने आगामी चार दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान ठंडा दिन और घना कोहरा बने रहने की संभावना जताई गई है। आईआईटी रुड़की कृषि मौसम वेधशाला के अनुसार बुधवार को धर्मनगरी का अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान में आधा डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज होने से शाम, रात और सुबह के समय ठंड में इजाफा हुआ। सुबह और देर रात सर्द हवाओं के कारण लोगों की कंपकंपी छूटती रही। मौसम विभाग के अनुसार आगामी 11 जनवरी तक धर्मनगरी में ठंडा और दिन में घना कोहरा छाया रहेगा। विभाग ने कोहरे को देखते हुए चार दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। घने कोहरे का असर किसानों की फसलों पर भी पड़ सकता है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने किसानों को फसलों की हल्की सिंचाई करने और ठंड से बचाव के लिए मल्च का प्रयोग करने की सलाह दी है। इसके साथ ही पशुधन पर भी ठंड का प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका जताई गई है।