उत्तर भारत में ठंड का कहर : दिल्ली-एनसीआर में कोहरे और प्रदूषण की दोहरी मार, 100 से ज्यादा ट्रेनें लेट; एक्यूआई 400 पार

Spread the love

नई दिल्ली , दिल्ली-एनसीआर में सोमवार को घने कोहरे की चादर छा जाने से जनजीवन लगभग ठहर सा गया। सुबह के समय दृश्यता शून्य के करीब पहुंच गई, जिससे सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित हुआ। कड़ाके की ठंड के साथ वायु गुणवत्ता भी बेहद खराब दर्ज की गई और राजधानी का एयर क्वालिटी इंडेक्स 403 पहुंच गया, जो गंभीर श्रेणी में आता है।मौसम विज्ञान विभाग ने दिल्ली के लिए बहुत घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, दिन का अधिकतम तापमान करीब 22 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। दिल्ली के साथ उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कई हिस्सों में भी ऑरेंज अलर्ट लागू किया गया है।घने कोहरे का सबसे अधिक असर हवाई यातायात पर देखा गया। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए उड़ानों में देरी और रद्द होने की चेतावनी दी है। एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक उड़ान, जो रविवार रात 11.55 बजे गोवा के मोपा एयरपोर्ट से रवाना हुई थी और सोमवार तड़के 2.35 बजे दिल्ली पहुंचने वाली थी, उसे घने कोहरे के कारण अहमदाबाद डायवर्ट करना पड़ा। जयपुर एयरपोर्ट पहले से ही डायवर्ट की गई उड़ानों से भरा होने के कारण स्थिति और बिगड़ गई।इंडिगो एयरलाइंस ने भी ट्रैवल एडवाइजरी जारी कर बताया कि कम और लगातार बदलती दृश्यता के कारण उड़ान संचालन प्रभावित हो रहा है और यात्रियों को देरी का सामना करना पड़ सकता है। वहीं, दिल्ली आने वाली और यहां से गुजरने वाली करीब 100 ट्रेनें भी देरी से चल रही हैं।सड़क यातायात की स्थिति भी चिंताजनक बनी रही। नोएडा रविवार देर शाम से ही घने कोहरे की चपेट में रहा। नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे और यमुना एक्सप्रेसवे पर दृश्यता बेहद कम रही, जिससे वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई। घने कोहरे और तेज ठंड को देखते हुए नोएडा जिला प्रशासन ने एहतियातन बड़ा फैसला लिया है। प्रशासन ने 29 दिसंबर से 1 जनवरी तक जिले के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *