विकासनगर(। पछुवादून में बीते एक सप्ताह से दिन और रात के तापमान में निरंतर अंतर बढ़ता जा रहा है। पारा एक स्थान पर स्थिर नहीं हैं। इससे लोगों को सुबह-शाम हल्की ठंड का अहसास होने लगा है। ठंड से बचाव के लिए लोग गर्म कपड़े पहनने लगे हैं। सोमवार को अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे दिन और रात के तापमान में लगभग 11 डिग्री का अंतर देखा गया। बीते साल के मुकाबले इस बार ठंड का प्रभाव करीब 15 दिन पहले देखा जा रहा है। इससे लोग बीमार पड़ रहे हैं। दिन में अच्छी धूप खिलती है। शाम होते ही हल्की सिहरन महसूस होने लगती है। कृषि विज्ञान केंद्र ढकरानी के मौसम विशेषज्ञ डॉ. एके शर्मा ने बताया कि बीते साल के मुकाबले ठंड की आमद जल्दी हो गई है। अगले कुछ दिनों तक तापमान स्थिर रहेगा। हवा की दिशा में बदलाव होने से ठंड में इजाफा होगा। अभी पछुआ व पुरुवा मिली-जुली हवाएं चल रही हैं। उप जिला चिकित्सालय के वरिष्ठ परामर्शदाता डॉ. टीएस डुंगरियाल ने बताया कि मौसम में हो रहे बदलाव का असर लोगों की सेहत पर पड़ा है। बीमार पड़ रहे हैं, ज्यादातर मरीज सर्दी, जुकाम और बुखार से ग्रसित अस्पताल पहुंच रहे हैं। बताया कि तापमान में अंतर के बीच बुजुर्गों एवं बच्चों का खास ख्याल रखने की जरूरत है। जरा सी भी लापरवाही भारी पड़ सकती है। शहर के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. मुदित अग्रवाल के मुताबिक बच्चों के खानपान और पहनावे पर विशेष ध्यान देना चाहिए। बच्चों को ठंडे पानी से न नहलाएं। गुनगुना पानी पिलाएं। खुले बदन न सुलाएं।