सियासी गर्मी में महानगर में टूटा सर्दी का रिकॉर्ड

Spread the love

कोलकाता का पारा गिर कर हुआ 13.7 डिग्री सेल्सियस
कोलकाता , एक ओर जहां बंगाल में सियासी पारा चढ़ा हुआ है वहीं मौसम का पारा काफी तेजी से गिरा। आज कोलकाता में इस साल अूतक के सर्दी का रिकॉर्ड तोड़ दिया। आज महानगर कोलकाता मौसम का सबसे सर्द दिन रहा। मौसम विभाग के अनुसार, आज महानगर कोलकाता का न्यूनतम तापमान 13.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह इस मौसम का अब तक का सबसे ठंडा दिन रहा। पिछले नौ साल में यह दूसरी बार है जब क्रिसमस के दिन शहर का तापमान 14 डिग्री से नीचे गया है। इससे पहले 25 दिसंबर 2016 को न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। क्रिसमस के मौके पर पूरे पश्चिम बंगाल में कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है। उत्तर से लेकर दक्षिण तक सर्दी का असर साफ नजर आ रहा है। पहाड़ों में कंपकंपाती ठंड है तो मैदानी इलाकों में भी तापमान तेजी से नीचे गिरा है।
उत्तर बंगाल में ठंड का असर सबसे ज्यादा देखा गया। दार्जिलिंग में न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया। पहाड़ी इलाकों में तेज ठंडी हवाओं के कारण ठंड और ज्यादा बढ़ गई है। राज्य के पश्चिमी और दक्षिणी हिस्सों में भी ठंड बढ़ी है। पुरुलिया में न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री और सागरद्वीप में 12.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि पूरे राज्य में उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं के चलते तापमान में गिरावट आई है। शनिवार तक इसी तरह की ठंड बनी रह सकती है। इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले सप्ताह की शुरुआत से ठंड का असर कुछ कम हो सकता है।
मौसम विभाग ने बताया है कि आने वाले दिनों में राज्य के कई हिस्सों में कोहरे का असर बढ़ सकता है। उत्तर बंगाल के पहाड़ी इलाके, डुआर्स, पश्चिमी जिले और तटीय क्षेत्रों में दृश्यता कम होने की आशंका है। हालांकि गंगा के मैदानी दक्षिण बंगाल में फिलहाल घने कोहरे की चेतावनी नहीं दी गई है। बिहार और झारखंड में ठंडे दिन जैसी स्थिति बनी हुई है। हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में शीतलहर जारी रहने की संभावना है। जम्मू-कश्मीर में चिल्ला ए कलान की शुरुआत हो चुकी है, जहां लंबे समय तक कड़ाके की ठंड और बर्फबारी का अनुमान है। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में घने से बहुत घने कोहरे के कारण जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
00

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *