नई दिल्ली , राजधानी दिल्ली से दहेज के लिए की गई एक ऐसी दिल दहला देने वाली हत्या सामने आई है, जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया। दिल्ली पुलिस में स्ङ्ख्रञ्ज कमांडो के पद पर तैनात 27 वर्षीय काजल की उसके ही पति ने निर्ममता से हत्या कर दी। वारदात के समय काजल चार महीने की गर्भवती थी। आरोपी पति अंकुर रक्षा मंत्रालय में क्लर्क के पद पर कार्यरत है।
लव मैरिज का खौफनाक अंत
काजल और अंकुर की मुलाकात वर्ष 2022 में स्नातक की पढ़ाई के दौरान हुई थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध बने और परिजनों की सहमति से विवाह हुआ। शादी के समय दोनों सरकारी सेवा में थे काजल दिल्ली पुलिस में कमांडो और अंकुर रक्षा मंत्रालय में क्लर्क। लेकिन शादी के महज 15 दिन बाद ही हालात बदल गए। मृतका के परिजनों के अनुसार, पति और ससुराल पक्ष ने गाड़ी और नकदी की मांग शुरू कर दी। काजल को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा।
मैंने काजल को मार दिया है, आकर शव ले जाओ
परिजनों का आरोप है कि 22 जनवरी को अंकुर ने लोहे के डंबल से काजल के सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उसने काजल के भाई को फोन कर कहा— मैंने काजल को मार दिया है, आकर उसका शव ले जाओ। इस हमले में काजल के साथ-साथ उसके गर्भ में पल रहे अजन्मे बच्चे की भी मौत हो गई।
बेटी की मेहनत और बहादुरी पर भारी पड़ा लालच
काजल के पिता राकेश ने रोते हुए बताया कि उनकी बेटी ने कठिन परिश्रम से दिल्ली पुलिस में स्ङ्ख्रञ्ज कमांडो बनने का सपना पूरा किया था। उन्होंने कहा कि काजल चार महीने की गर्भवती थी और लालच में अंधे पति ने मां और बच्चे दोनों की जान ले ली। मृतका की मां मीना देवी ने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष की मांगें पूरी करने के लिए उन्होंने अपने नाम पर करीब 10 लाख रुपये का कर्ज भी लिया था।
राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई
जब काजल का पार्थिव शरीर उसके पैतृक गांव बड़ी (गन्नौर) पहुंचा, तो पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। देश की सेवा करने वाली बहादुर बेटी की असमय मौत से हर आंख नम थी। काजल का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी और ग्रामीण मौजूद रहे। लोगों में दहेज लोभियों के खिलाफ गहरा आक्रोश देखने को मिला।
00