ऋषिकेश()। उत्तराखंड में भले ही कॉर्मिशयल सिलेंडर के वितरण पर लगी रोक शर्त के साथ हटा दी गई है, लेकिन फिलहाल यह सिलेंडर ऋषिकेश क्षेत्र की एजेंसियों के स्टॉक से गायब हैं। नगर और आसपास के कॉमर्शियल उपभोक्ता गैस की किल्लत से जूझ रहे हैं। मंगलवार को मिली राहत से उनके चेहरों पर मुस्कान जरूर दिखी, लेकिन एजेंसियों के कार्यालय में बुकिंग के साथ सिलेंडर लेने के दौरान उन्हें बैरंग लौट दिया गया। ऑयल कंपनी को डिमांड भेज दी गई है। गुरुवार तक कॉमर्शियल सिलेंडर उपलब्ध होने की बात एजेंसी संचालक कह रहे हैं। राज्य सरकार की ओर से जैसे ही कॉर्मिशयल सिलेंडर के वितरण पर लगी रोक हटाने की जानकारी खाद्य प्रतिष्ठान संचालकों मिली, तो उन्होंने फौरन एजेंसियों की दौड़ लगा दी। यहां पहले से ही गोदाम में खत्म हो चुके कॉर्मिशयल सिलेंडरों की जानकारी मिलने पर संचालक परेशान होते दिखे। एजेंसियों के प्रबंधकों ने बताया कि फिलहाल गोदाम में कॉर्मिशयल सिलेंडर उपलब्ध नहीं हैं। ऑयल कंपनी को ऑर्डर भेजा गया है, जो कि एक से दो दिन के भीतर गोदाम तक पहुंच जाएगा। ऋषि गैस एजेंसी के संचालक नीरज सेमवाल ने बताया कि सरकार की ओर से निर्धारित नियम के तहत कॉर्मिशयल गैस सिलेंडरों का वितरण किया जाएगा। एजेंसी में पंजीकृत व्यवसायिक उपभोक्ताओं का पूरा डाटा पूरा है, जिसके चलते इसकी जांच कर उन्हें तय मानक पर गैस सिलेंडर उपलब्ध होगा। बताया कि फिलहाल कॉर्मिशयल सिलेंडर नहीं है, लेकिन ऑर्डर कर दिया गया है। वहीं, पूर्ति निरीक्षक सुनील देवली ने क्षेत्र की एजेंसियों में कॉर्मिशयल गैस सिलेंडर नहीं होने की पुष्टि की। बताया कि अभीतक मेडिकल संस्थान और छात्रावास की मेस के लिए कॉर्मिशयल सिलेंडर दिए जा रहे थे।