हिमाचल सहित 6 राज्यों के गृह सचिवों को हटाने के आदेश, इलेक्शन से पहले आयोग की कार्रवाई

Spread the love

 

नई दिल्ली, एजेंसी। भारत निर्वाचन आयोग ने लोकसभा चुनाव से पहले बड़ा फैसला लिया है। आयोग ने हिमाचल प्रदेश सहित छह राज्यों के गृह सचिवों को हटाने का आदेश दिया है। हिमाचल के अलावा गुजरात, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार और झारखंड के गृह सचिवों को हटाने का आदेश दिया है। यह कार्रवाई चुनावों में समान अवसर सुनिश्चित करने के लिए की गई है। सूत्रों ने बताया कि आयोग ने बृहन्मुंबई महानगर निगम के आयुक्त और प्रशासक इकबाल सिंह चहल को भी चुनाव कार्य से मुक्त करने का आदेश दिया है।
सूत्रों ने कहा कि आयोग ने उत्तर प्रदेश, बिहार, गुजरात, हिमाचल प्रदेश , उत्तराखंड और झारखंड की सरकारों को उनके मौजूदा गृह सचिवों को हटाने का आदेश दिया है। इनकी जगह आयोग की निगरानी में दूसरे अधिकारियों की नियुक्ति की जायेगी। सूत्रों ने कहा कि आयोग ने मिजोरम और हिमाचल प्रदेश सरकारों को उनके सामान्य प्रशासनिक विभागों के सचिवों को भी बदलने के संबंध में निर्देश जारी किये हैं। आयोग ने पश्चिम बंगाल सरकार को पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार को उनके मौजूदा प्रभार से हटाकर गैर चुनाव कार्य में नियुक्त करने का आदेश दिया है। आयोग ने राज्य सरकार को उनकी जगह तैनात किये जाने वाले अधिकारी के चयन के लिए तीन पुलिस अधिकारियों के नाम की सूची भेजने को कहा है। राज्य सरकार को इस संबंध में कार्रवाई पूरी करने के लिए आज शाम पांच बजे तक का समय दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *