निगम पर भड़की समिति, तालाबंदी की चेतावनी

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कोटद्वार बचाओ संघर्ष समिति के सदस्यों ने प्रशासन की ओर से समिति से वार्ता करने के लिए अधिकृत करने के बाद भी नगर आयुक्त के बैठक में न आने पर नाराजगी जताई। समिति ने 26 नवंबर को निगम में तालाबंदी की चेतावनी दी है। कहा कि शहर की अनदेखी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
समिति के संयोजक नागेंद्र उनियाल ने कहा कि समिति लगातार सामाजिक मुद्दों को लेकर संघर्ष कर रही है। शहर की समस्याओं के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है। कुछ दिन पूर्व समिति ने गोवंश संरक्षण, सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ ही विभिन्न मुद्दों को लेकर निगम में तालाबंदी की चेतावनी दी थी। जिसके बाद कोटद्वार पहुंची अपर जिलाधिकारी ने समिति को जल्द समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया। लेकिन, अब तक समस्याएं जस की तस बनी हुई है। कार्यवृत्त में नगर आयुक्त को समिति से वार्ता के लिए अधिकृत किया गया था। नगर आयुक्त की ओर से दो नवंबर को बैठक का आयोजन किया गया। आरोप है कि कार्यवृत्त से बाहर जाकर अन्य संगठन को आमंत्रित किया गया था। इसका समिति ने विरोध किया। वहीं, सोमवार को जब समिति वार्ता के लिए नगर निगम में पहुंची तो वहां नगर आयुक्त नहीं मिले। इससे पता चलता है कि नगर निगम समस्याओं को लेकर गंभीर नहीं है। ऐसे में अब 26 नवंबर को निगम परिसर में धरना-प्रदर्शन के साथ ही तालाबंदी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *