वनाग्नि की घटनाओं को रोकने के लिए बनेगी समिति: डीएम

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : वनाग्नि की घटनाओं की अब ग्राम पंचायत स्तर पर रोकथाम की जाएगी। जिलाधिकारी ने इसके लिए ग्राम प्रधान की अध्यक्षता में वनाग्नि नियंत्रण समिति का गठन करने के आदेश सभी उपजिलाधिकारियों को दिये हैं। समिति में ग्राम प्रधान को अध्यक्ष व आशा, आंगनबाड़ी कार्यकत्र्ता समेत अन्य को सदस्य नामित करने के आदेश जारी किए हैं।
जिलाधिकारी डा. विजय कुमार जोगदंडे ने वनाग्नि की घटनाओं की रोकथाम के लिए ग्राम पंचायतों में ही ठोस कार्रवाई करने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने बताया कि जिले में वनाग्नि की घटनाओं से वनों को काफी क्षति पहुंच रही है। अब वनाग्नि की रोकथाम ग्राम पंचायत स्तर पर ही हो सकेगी। इसके लिए ग्राम प्रधान की अध्यक्षता में समिति बनाने के निर्देश दिये गये हैं। इसके साथ ही उन्होंने सभी तहसीलों में वनाग्नि नियंत्रण के लिए कंट्रोल रूम बनाने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने बताया कि इन कंट्रोल रूमों के माध्यम से भी वनाग्नि की घटनाओं को रोकने के लिए कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि तहसील स्तर पर रोकथाम के लिए क्विक रिस्पांस टीम बनाई जाएगी। इस टीम का उपयोग भी वनाग्नि नियंत्रण के लिए किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *