जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : श्री गुरु गोरखनाथ पर्यावरणीय संरक्षण एवं संवर्धन समिति की ओर से यमकेश्वर के बिथ्याणी-देवडांडा मोटर मार्ग के पथ पर पौधा रोपण अभियान चलाया गया। इस दौरान ग्रामीणों को भी पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान आम, पीपल, बरगद, हरड़, बहेड़ा, आंवला, कचनार, अमरुद सहित अन्य प्रजाति के पौधो का रोपण किया गया। इससे पूर्व गोष्ठी भी आयोजित की गई। जिसमें समिति के अध्यक्ष आरपी पंत ने लोगों को पर्यावरण संरक्षण का महत्व बताया। कहा कि वनों की सुरक्षा हर स्थानीय नागरिक की पहली जिम्मेदारी है। गर्मी के मौसम में पौधों को आग से बचाने के लिए इसके आसपास सफाई की जानी चाहिए। कानूनगो चित्रा सिंह ने कहा कि ऐसे पौधों का रोपण होना चाहिए जिसका जनता को भी बेहतर लाभ मिल सकें। अमित चौहान ने पौधा रोपण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। समिति के उपाध्यक्ष उमानंद बड़ोला ने कहा कि हमें लगाए गए पौधों के संरक्षण पर भी ध्यान देना चाहिए। इस मौके पर बलवीर सिंह बिष्ट, एसएन पोखरियाल, मोहन सिंह नेगी, प्रकाश चंद्र, हरिपाल सिंह रावत, महेश चंद्र बड़ोला, विनय रावत, सुनील नेगी, आशा नेगी, कुसुम बिष्ट आदि मौजूद रहे।