जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : स्व. सरोजनी देवी लोक विकास समिति ने सरकार से घराट-मुंडला मोटर मार्ग निर्माण की मांग की है। कहा कि उत्तराखंड वन्य जीव सलाहकार समिति व नेशनल टाइगर कांजरवेशन अथारिटी से घराट-मुंडला मोटर मार्ग निर्माण को संस्तुति दी जानी चाहिए। मार्ग निर्माण से ही क्षेत्र का बेहतर विकास हो सकता है।
समिति की ओर से आयोजित बैठक में अध्यक्ष राजेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि ग्रामीण पिछले लंबे समय से मार्ग निर्माण की मांग उठा रहे हैं। इसके लिए ग्रामीणों ने कई बार आंदोलन भी किए। बताया कि कोटद्वार से बल्ली के लिए निकलने वाले घराट-मुंडला मोटर मार्ग को वर्षों पूर्व स्वीकृति मिली थी। दस किलोमीटर लंबे इस मार्ग के निर्माण को 1.39 करोड़ रुपये भी स्वीकृत किए गए थे। लेकिन, करीब पांच किलोमीटर का हिस्सा वन क्षेत्र में आने के कारण आज तक यह मार्ग नहीं बन पाया है। नतीजा, ग्रामीणों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में सबसे अधिक परेशानी बीमार व गर्भवती महिलाओं को अस्पताल तक पहुंचाने में होती है। सड़क के अभाव में ग्रामीण गांव से पलायन को मजबूर हो रहे हैं। कहा कि सरकार को उक्त मार्ग निर्माण के लिए गंभीरता से कार्य करना चाहिए। ज्ञापन भेजने वालो में गंभीर सिंह असवाल, राजेंद्र सिंह, गजे सिंह, चंद्र सिंह नेगी, कुंवर सिंह रावत, नारायण सिंह, कृपा राम आदि मौजूद रहे।