जल जीवन मिशन के कार्यों की डीएम से की शिकायत

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : जिले के नलई गांव के बाद अब उज्याड़ी गांव के ग्रामीणों ने जल जीवन मिशन के कार्य में धांधली का आरोप लगाया है। कहा कि संबंधित विभाग से शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई। जिससे ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से शिकायत कर सही ढंग से कार्य करने व सभी ग्रामीणों को एक समान पेयजल उपलब्ध करवाने की मांग की।
जिलाधिकारी को दिए गए ज्ञापन में उज्याड़ी गांव के ग्रामीणों का कहना है कि पिछले 3 महीने से उनके गांव में जल जीवन मिशन के तहत काम चल रहा है, लेकिन यह कार्य संतोषजनक नहीं हो रहा है। आरोप लगाया कि संबंधित ठेकेदार द्वारा मनमानी से काम किया जा रहा है। संबंधित विभाग से शिकायत करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि विभाग ने पहले चरण में किए गए कार्य के तहत 250 परिवारों में से केवल 50 परिवारों को ही पानी के कनेक्शन दिए। पहले चरण के कार्य में भी धांधली की गई। कहा कि गांव में पेयजल की किल्लत से ग्रामीणों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। आरोप लगाया कि गांव में कुछ ग्रामीणों के घर में बहुत कम तो कुछ ग्रामीणों के घर में बहुत ज्यादा पेयजल की आपूर्ति की जा रही है। कहा कि गांव में पेयजल लाइन 30 से 40 साल पुरानी हो गई है। विभाग को बताने के बाद भी इस ओर कोई कदम नहीं उठाए गए। आरोप लगाया कि जल जीवन मिशन के तहत हो रहे कार्य डीपीआर रिपोर्ट के अनुरूप नहीं हो रहे है। उन्होंने सभी ग्रामीणों को एक समान पेयजल उपलब्ध करवाने की मांग की है। वहीं, डीएम ने संबंधित विभाग को जांच कर आख्या देने के निर्देश दिए है। इस मौके पर अशोक सिंह रावत, मनमोहन, लक्ष्मण, संदीप, विनोद आदि शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *