जनता दरबार में छाई बिजली-पानी की शिकायतें

Spread the love

विकासनगर। सहसपुर विधायक सहदेव पुंडीर ने शुक्रवार को सुद्धोवाला स्थित कैंप कार्यालय में अधिकारियों संग जनता दरबार लगाया। विधान सभा क्षेत्र के कई गांवों से आए लोगों ने अपनी समस्याएं रखी, जिनमें से अधिकांश का निस्तारण मौके पर ही किया गया। शेष समस्याओं का निर्धारित समय में निस्तारण करने के निर्देश विधायक ने संबंधित अधिकारियों को दिए। जनता दरबार में अधिकांश समस्याएं सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य सुविधा से संबंधित थी। भाऊवाला से आए ग्रामीण देवेंद्र जोशी ने कहा कि गढ़वाली बस्ती में अक्सर पेयजल संकट बना रहता है। लोगों को पीने के पानी की व्यवस्था के लिए दो से तीन किमी दूर जाना पड़ता है। रामसावाला से आए जयेंद्र बिष्ट ने कहा कि गांव की कई सिंचाई गूलें क्षतिग्रस्त हैं, जबकि कुछ समय बाद ही धान की बुआई शुरू होने वाली है, उन्होंने धान की फसल बोने से पहले सिंचाई नहरों की मरम्मत किए जाने की मांग की है। सहसपुर की टीचर्स कॉलोनी के तरुण बिष्ट ने बरसात के दौरान जलभराव की समस्या अधिकारियों के सामने रखी। बायांखाला के संदीप सिंह ने बाढ़ सुरक्षा कार्य नहीं होने से बरसात के दौरान ग्रामीणों के सामने आने वाली समस्याओं को रखते हुए बरसाती खाले पर बाढ़ सुरक्षा कार्य कराए जाने की मांग की। डूंगा से आए मायाराम जोशी ने जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा की गुहार लगाई। इसके साथ ही जनता दरबार में विधायक ने आर्थिक रूप से जरूरतमंद व्यक्तियों को बीमारी के उपचार, पुत्री के विवाह जैसे आवश्यक प्रयोजनों हेतु, विधवा एवं निर्धन वर्ग के लोगों को आर्थिक सहायता के चेक वितरित किए। विधायक ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सहसपुर क्षेत्र के समग्र विकास और जनकल्याण के लिए उनका प्रयास निरंतर जारी रहेगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *