जयन्त प्रतिनिधि।
थलीसैंण : जिलाधिकारी गढ़वाल के आदेशों के क्रम में विकासखंड थलीसैंण में ब्लॉक प्रमुख थलीसैंण श्रीमती सुनीता रावत की अध्यक्षता में किसान दिवस एवं क्षेत्र पंचायत सदस्यों की द्वितीय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। सर्वाधिक शिकायतें लोक निर्माण विभाग एवं पीएमजीएसवाई से सम्बन्धित रही।
बैठक में ग्राम प्रधान हस्युडी ने बताया कि धाधण खेत से झरपाली तक सड़क का डामरीकरण अभी तक नहीं हुआ है। इसके विषय में अधिशासी अभियंता ने जानकारी दी कि वर्तमान में इस सड़क का कार्य पीएमजीएसवाई द्वारा किया जाना है, जिसका सर्वे भी पूर्व में किया जा चुका है एवं प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है। ग्राम प्रधान मंगरो ने बताया कि कृषि विभाग द्वारा आवारा पशुओं से बचाव हेतु तरवाड़ की जो व्यवस्था विभाग द्वारा की जाती है वह उल्लेखनीय है परंतु यदि 1500 मीटर तारबाड के लिए आवेदन किया जाता है तो मात्र 400-500 मीटर तक ही बन पाता है। इस संबंध में सहायक विकास अधिकारी कृषि ने जानकारी दी कि विभाग के पास बजट का अभाव है, जिस कारण ग्राम पंचायत से प्राप्त प्रस्ताव जिला स्तर में भेजे जाते हैं एवं वर्तमान में 103 ग्राम पंचायत के सापेक्ष सिर्फ 6 ग्राम चयनित है जिसमें जिला योजना के अंतर्गत तरवाड़ का कार्य किया जाना है। ग्राम प्रधान ढोंढ ने बताया कि हर घर जल योजना के अंतर्गत अनुसूचित जाति बस्ती में वर्तमान तक नलों में पानी नहीं आ रहा है, जिस कारण समस्या बनी हुई है। जिस पर जल संस्थान के अधिशासी अधिकारी ने बताया कि इसके विषय में विभाग के पास कोई जानकारी नहीं है, वर्तमान में जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। ग्राम प्रधान हस्युडी द्वारा प्रश्न किया गया कि क्या राज्य से बाहर रहकर भी राशन कार्ड हेतु केवाईसी की जा सकती है। इस विषय में जिला पूर्ति अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि राज्य से बाहर रहकर केवाईसी नहीं कराई जा सकती है एवं राज्य के भीतर केवाईसी कराए जाने की अंतिम तिथि 31 दिसंबर है। यहां भी अवगत कराया गया कि सफेद एवं गुलाबी कार्ड में यूनिट नहीं जुड़ पा रही हैं, क्योंकि यूनिटों का लक्ष्य पूर्ण हो गया है। यदि किसी ग्राम में कोई कार्ड धारक मृतक हो जाता है तो उसके स्थान पर नई यूनिट जोड़ी जा सकती है। बैठक में वरिष्ठ उप प्रमुख मनवर सिंह, कनिष्क प्रमुख राजशेखर, सदस्य जिला पंचायत अंजली जोशी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग बैजरो, जिला पूर्ति अधिकारी पौड़ी, नायब तहसीलदार चाकीसैण, नायब तहसीलदार थलीसैंण, क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान आदि उपस्थित रहे।