जल्द पूरा करें सरोवर निर्माण कार्य

Spread the love

जिलाधिकारी डॉ.विजय कुमार जोगदण्डे ने किया अमृत सरोवर का निरीक्षण
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार: विकासखंड जयहरीखाल के अंतर्गत खंडोली में बन रहे अमृत सरोवर निर्माण कार्य का मंगलवार को जिलाधिकारी विजय कुमार जोगदण्डे ने निरीक्षण किया। यह सरोवर जल शक्ति ’कैच द रैन’ जल संरक्षण अभियान के तहत बनाया जा रहा है। इस दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को जल्द कार्य पूरा करने के साथ ही सरोवर की मॉनिटरिंग करने के भी निर्देश दिए ।
जिलाधिकारी ने विकासखंड जयहरीखाल के अंतर्गत खंडोली में निर्माणाधीन तालाब का निरीक्षण करते हुए धीमी प्रगति होने पर सम्बन्धित अधिकारी को कार्य तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने खंडोली के पास पुराने सरोवर को भी साफ-सफाई कर संचालित करने के निर्देश बीडीओ को दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि जल शक्ति अभियान के अंतर्गत जो कार्य हुए हैं उनकी फोटोग्राफ्स तथा वीडियो उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। कहा कि वीडियो बनाकर कार्यों का प्रचार-प्रसार भी करें। इस दौरान उन्होंने कहा कि जनपद के अंतर्गत 75 अमृत सरोवर बनाए जा रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने वहां उपस्थित ग्रामीणों को कहा कि वर्षा के पानी को परम्परागत व आधुनिक विधियों द्वारा एकत्रित करते हुए उसे सतही जल व भूमिगत जल के रूप में भूमि के अंदर प्रवाहित करें। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी लैंसडाउन स्मृता परमार, जिला विकास अधिकारी पुष्पेन्द्र चौहान, बीडीओ रवि कुमार सैनी, ग्राम प्रधान ओडल दीपक सिंह व अन्य उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *