मावे गांव में बढ़ती वनाग्नि पर जताई चिंता

Spread the love

अल्मोड़ा। डीएम वंदना की अध्यक्षता में वनाग्नि रोकथाम एवं जिला गंगा समिति की बैठक बुधवार को अल्मोड़ा नवीन कलेक्ट्रेट में आयोजित की गई। डीएफओ महातिम यादव ने प्रजेंटेशन के माध्यम से जनपद में वनाग्नि की घटनाओं से संबंधित तमाम जानकारियां दीं।
डीएफओ ने बताया कि इस साल पिछले वर्षों की अपेक्षा जनपद में जंगल की आग की घटनाओं की संख्या कम रही है। उन्होंने आग पर काबू पाने एवं वनाग्नि की रोकथाम करने के अनुभव सांझा किए। डीएम ने कहा कि बीट लेवल समेत सभी स्तर की बैठकों में संबंधित क्षेत्र के महिला मंगल दलों, युवक मंगल दलों एवं स्वयं सहायता समूहों को अनिवार्य रूप से आमंत्रित करें, ताकि लिए निर्णय एवं तैयारियों की जानकारी उन्हें मिल सके। साथ ही सभी दलों के सुझाव लेकर उनपर कार्य किया जाय।
डीएम ने मावे गांव में बढ़ने वाली वनाग्नि की घटनाओं पर चिंता जाहिर की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आग की घटनाओं में शामिल व्यक्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रति 15 दिन में रेंजर स्तर के अधिकारी भी आग प्रभावित क्षेत्र का लगातार दौरा करें। साथ की उन्होंने कहा कि टारगेटेड एरिया में स्थानीय लोगों के साथ समय समय पर गोष्ठियों का भी आयोजन किया जाय।
जिला गंगा समिति की बैठक में डीएम ने गंगा समिति के कार्यों एवं समिति बनाने के उद्देश्यों के बारे में बताया। डीएम ने निर्देश दिए कि प्रथम चरण में कोसी, राम गंगा, गगास और सुयाल नदियों के लिए कार्ययोजना बनाई जाए। बैठक में डीएफओ महातीम यादव, अपर मुख्य अधिकारी केएस खाती, स्याही देवी विकास समिति के अध्यक्ष हरीश बिष्ट आदि मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *