जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : मतदाता सूची से मतदाताओं का नाम काटे जाने पर कांग्रेस की पूर्व महामंत्री रंजना रावत ने रोष व्यक्त किया है। कहा कि नाम काटे जाने से लोग अपने मत का प्रयोग से वंचित रह रहे हैं।
इस संबंध में रंजना रावत की ओर से लोक सूचना अधिकारी उपजिलाधिकारी सोहन सिंह सैनी से छह बिंदुओं पर सूचना मांगी है। रंजना रावत ने कहा कि मतदाता सूची से मतदाताओं के नाम गायब होना चिंता का विषय है, जिससे हजारों की संख्या में मतदाता मतदान करने से वंचित रह गए। सूचना अधिकार अधिनियम के तहत पूछा गया कि नगर निगम के निकाय चुनाव में वर्ष 2025 में कुल कितने मतदाता थे, कुल कितने मतदाताओं ने मतदान किया व कितने मतदाताओं के नामों को सूची से काटा गया। यह भी जानकारी मांगी गई है कि किन आपत्तियों के आधार पर मतदाताओं के नाम काटे गए हैं। सूची से काटे गए नामों की बूथवार सूची मांगी भी गई है। उन्होंने निर्वाचन आयोग से संलग्न वोटरों की सूची के अनुसार नाम, मतदाता सूची व वर्ष 2025 के नगर निगम के चुनाव में काटे जाने का विवरण उपलब्ध करवाने की मांग की है।