श्रीनगर गढ़वाल : देवस्थानम बोर्ड सदस्य व बदरीनाथ धाम भाजपा मंडल के 15 वर्षों तक अध्यक्ष रहे वरिष्ठ तीर्थ पुरोहित विजय ध्यानी के आकस्मिक निधन पर शोक की लहर दौड़ गई। वह 79 वर्ष के थे। वह देवप्रयाग व बदरीनाथ के कई जन आंदोलनों से सक्रिय रूप से जुड़े रहे थे। बदरीनाथ धाम तप्तकुंड आंदोलन में वह जेल भी गए। वहीं, धाम में जैन मन्दिर निर्माण के विरोध में उन्होंने सक्रिय भूमिका निभाई थी। मूल रूप से लीह गांव निवासी विजय ध्यानी बाह बाजार, देवप्रयाग में निवास करते थे। श्री बदरीश पंडा पंचायत, बदरीश युवा पुरोहित संगठन, देवप्रयाग नगर व ग्रामीण भाजपा मंडल सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों ने विजय ध्यानी के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक जताया है। (एजेंसी)