18 अक्टूबर से पूरी क्षमता के साथ होगा घरेलू उड़ानों का संचालन, सरकार ने दिए आदेश

Spread the love

नई दिल्ली,एजेंसी। देश में कोरोना महामारी की स्थिति में सुधार के बीच सरकार ने 18 अक्टूबर से यात्रियों की शत प्रतिशत क्षमता के साथ घरेलू उड़ानों के संचालन की अनुमति दे दी है। वर्तमान में 85 प्रतिशत यात्री क्षमता के साथ घरेलू उड़ानों का संचालन किया जा रहा है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने एक बयान जारी कर कहा है कि अनुसूचित घरेलू संचालन और हवाई यात्रा के लिए यात्रियों की मांग को देखते हुए फैसला लिया गया है कि 18 अक्टूबर से सीमा संबंधी कोई प्रतिबंध नहीं होगा।
मंत्रालय ने कहा है कि एयरलाइन संचालकों को कोरोना का प्रसार रोकने के लिए बनाए गए दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करना होगा। यात्रा के दौरान भी कोरोना अनुकूल व्यवहार लागू करना होगा। प्रेट्र के अनुसार, घरेलू विमान कंपनियों को 12 अगस्त से 18 सितंबर के बीच 72़5 प्रतिशत यात्रियों के साथ उड़ान भरने की इजाजत थी। नौ अक्टूबर को भारतीय कंपनियों ने 2,340 घरेलू उड़ानों का संचालन किया।
यह कोरोना पूर्व क्षमता का 71़5 प्रतिशत था। पिछले साल 25 मई को जब सरकार ने दो महीने के अंतराल के बाद अनुसूचित घरेलू उड़ानें संचालित करने की अनुमति दी थी, तो यात्रियों की सीमा 33 प्रतिशत निर्धारित कर दी गई थी। दिसंबर 2020 तक यह सीमा धीरे-धीरे बढ़ाकर 80 प्रतिशत कर दी गई। इस साल एक जून तक यह सीमा बनी रही। लेकिन कोरोना महामारी की दूसरी लहर के दौरान एक जून से यात्रियों की सीमा 80 प्रतिशत से घटाकर 50 प्रतिशत कर दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *