नए बस अड्डे से हुआ वाहनों का संचालन

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी। शहर में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त बनाने के लिए पुलिस प्रशासन ने सोमवार से परीक्षण के तौर पर नए बस अड्डे से कुछ वाहनों का संचालन किया। इस दौरान नए बस अड्डे से वाहनों का लंबे समय बाद संचालन होने पर यहां पर काफी रौनक रही। एसएसपी के निर्देश पर सीओ सदर ने कोतवाली में टैक्सी यूनियनों व बस संचालकों के साथ बैठक कर नए ट्रैफिक प्लान को लागू करने को लेकर विस्तार से चर्चा की थी।
सीओ सदर प्रेमलाल टम्टा ने बताया कि शहर में स्थित पुराने बस अड्डे से यातायात के दबाव को कम करने व आवागमन को व्यवस्थित करने के लिए पुराने बस अड्डे से संचालित होने वाले कुछ मार्गों के वाहनों को देवप्रयाग रोड पर स्थित नए बस अड्डे से संचालित करने का निर्णय लिया गया था। जिसके तहत परीक्षण के तौर पर सोमवार से नए बस अड्डे से वाहनों का संचालन किया गया। उन्होंने बताया कि नया बस अड्डा पर मूलभूत सुविधाओं पीने का पानी, शौचालय, प्रकाश की व्यवस्था के लिए नगर पालिका परिषद पौड़ी से संपर्क कर यहां पर सुविधाएं जुटाई जाएंगी। यात्रियों की सुविधा के लिए नए बस अड्डे व पुराने बस अड्डे, बाजार क्षेत्र के मध्य यात्रियों को लाने व ले जाने के लिए नगर पालिका पौड़ी द्वारा वाहन की व्यवस्था की गई है। सोमवार से परीक्षण के तौर पर हरिद्वार, ऋषिकेश, देहरादून, सबदरखाल, कोट, खांडूसैंण, घुड़दौड़ी, जामलाखाल, कल्जीखाल, कांसखेत, डांडा नागराजा, ल्वाली आदि स्थानों की ओर जाने वाले वाहनों को नए बस अड्डे से संचालित किया गया। इस दौरान यहां पर पुलिस की भी डयूटी लगाई गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *