विश्व विजेता टीम इंडिया पर बधाइयों की बौछार : सचिन, कोहली और दिग्गजों ने जीत को बताया ऐतिहासिक, मुख्यमंत्रियों ने जताया गर्व

Spread the love

नई दिल्ली/अहमदाबाद ,आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रनों से करारी शिकस्त देकर तीसरी बार चैंपियन बनने वाली भारतीय टीम को देशभर से बधाइयां मिल रही हैं। खेल जगत से लेकर राजनीति तक, हर कोई टीम इंडिया के इस अजेय प्रदर्शन और ‘बैक-टू-बैक’ खिताब जीतने के जज्बे को सलाम कर रहा है। दिग्गजों ने सराहा ‘क्रिकेट का विशेष ब्रांड’
‘क्रिकेट के भगवान’ सचिन तेंदुलकर ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि लगातार दो बार विश्व कप जीतना एक असाधारण उपलब्धि है और यह टीम ट्रॉफी की असली हकदार है। स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने इसे ‘अभूतपूर्व जीत’ करार देते हुए खिलाड़ियों के जुझारू चरित्र की प्रशंसा की।
पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह ने सूर्यकुमार यादव की कप्तानी और संजू सैमसन, ईशान किशन व अभिषेक शर्मा की तिकड़ी के प्रदर्शन को जीत का आधार बताया। वहीं, वीरेंद्र सहवाग ने अपने चिर-परिचित अंदाज में लिखा कि हमारे लड़कों ने फाइनल का दबाव महसूस ही नहीं किया और इसे ‘गली मैच’ की तरह खेलकर जीत लिया।
राजनीतिक जगत में जश्न का माहौल
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने इसे देश के लिए गौरव का क्षण बताते हुए टीम के अनुशासन और टीम वर्क की प्रशंसा की।
दक्षिण भारत के राज्यों में भी भारी उत्साह देखा गया। तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने कहा कि यह जीत युवाओं की आने वाली पीढ़ियों को बड़े सपने देखने के लिए प्रेरित करेगी। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने इस बात पर जोर दिया कि भारत तीन बार यह खिताब जीतने वाला दुनिया का पहला देश बन गया है, जो टी20 प्रारूप में हमारे दबदबे को दर्शाता है। उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण ने संजू सैमसन की असाधारण प्रतिभा और बुमराह-वरुण चक्रवर्ती की घातक गेंदबाजी को विशेष रूप से सराहा।
रिकॉर्ड्स की गूंज
बधाइयों के बीच अहमदाबाद में बने रिकॉर्ड्स की भी चर्चा रही, जहाँ संजू सैमसन की 89 रनों की तूफानी पारी और भारत के 255 रनों के विशाल स्कोर ने विश्व कप के इतिहास में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। कोच गौतम गंभीर के मार्गदर्शन में टीम इंडिया ने एक बार फिर साबित कर दिया कि वह विश्व क्रिकेट की सिरमौर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *