बदहाल सड़कों के विरोध में कांग्रेस ने किया प्रदर्शन, क्षेत्रीय विधायक पर लगाया निष्क्रियता का आरोप

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। प्रदेश के पूर्व काबीना मंत्री सुरेन्द्र सिंह नेगी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विधानसभा कोटद्वार की बदहाल सड़कों के विरोध में प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि क्षेत्रीय विधायक की निष्क्रियता के चलते लोक निर्माण विभाग भी कुंभकर्णीय नींद में सोया हुआ है। लोनिवि अभी तक सड़कों की मरम्मत नहीं करा पाया है। जिस कारण हर समय दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि एक सप्ताह में सड़कों की हालत में सुधार नहीं हुआ तो कांग्रेस सड़कों पर उतरकर आंदोलन को बाध्य होगी।
सिताबपुर तिराहे पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धरना देकर प्रदर्शन किया। साथ ही प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस मौके पर पूर्व काबीना मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि भाजपा सरकार के साढे़ चार साल के कार्यकाल में कोटद्वार विधानसभा की सड़के बदहाल हो गयी है। सड़कों पर जगह-जगह गहरे गढ्ढे होने से जहां रोजाना दुर्घटनाएं हो रही है वहीं यातायात व्यवस्था में व्यवधान उत्पन्न हो रहा है। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में कोटद्वार विधानसभा में सड़कों का डामरीकरण करवाया गया था, लेकिन भाजपा के साढ़े चार साल के कार्यकाल में सड़कों की दुर्दशा को नहीं सुधारा गया। वर्तमान में डामरीकरण के नाम पर सड़कों पर घटिया निर्माण कार्य करवाया गया, जोकि एक ही बरसात में बह गया है। उन्होंने क्षेत्रीय विधायक की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्षेत्रीय विधायक विकास की बजाय खनन करवाने में व्यस्त है। चैनेलाईजेशन के नाम पर हो रहे खनन से करोड़ों की लागत से बने पुलों पर खतरा मंडराने लगा है। उन्होंने कहा कि कोटद्वार विधानसभा में चहुंमुखी विकास का झूठा वादा करने वाले क्षेत्रीय विधायक ने लालढांग-चिल्लरखाल मोटर मार्ग, केन्द्रीय विद्यालय, मेडिकल कॉलेज, ट्रैचिंग ग्राउंड, कण्वाश्रम, मोटर नगर बस अड्डा सहित दर्जनों विकास कार्यों को ठप करवा दिया है। इस मौके पर महापौर श्रीमती हेमलता नेगी, जिलाध्यक्ष डा़ॅ चंद्रमोहन खर्कवाल, महानगर अध्यक्ष संजय मित्तल, महानगर महिला अध्यक्ष श्रीमती शकुंतला चौहान, पार्षद श्रीमती बीना नेगी, मनोज रावत, पपेन्द्र ंिसंह, गबर सिंह नेगी, कृपाल सिंह नेगी, राजेंद्र असवाल, यशपाल सिंह नेगी, बृजपाल सिंह नेगी, गुणानंद, बलबीर सिंह रावत, जसवंत सिंह, कुलदीप रावत, संतोष रावत, सोहन सिंह रावत, मंगल सिंह नेगी, चंद्रमोहन सिंह रावत, धीरेंद्र भंडारी, विजेंद्र चौधरी, राजेंद्र सिंह गुसांई, जितेंद्र भाटिया आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *