अल्मोड़ा में कांग्रेस और एनएसयूआई ने आधे घंटे तक जाम की माल रोड

Spread the love

अल्मोड़ा। देहरादून में बेरोजगारों पर हुए लाठीचार्ज से आक्रोशित कांग्रेस, युकां और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को अल्मोड़ा के माल रोड पर करीब आधे घंटे तक जाम लगा दिया। आक्रोशित कार्यकर्ता सड़क पर बैठकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करने लगे। इसके चलते शहर में करीब आधे किमी तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। बाद में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को जबरन उठाकर गांधी पार्क पहुंचा दिया था। तब जाकर हाईवे खुल पाया। जाम के कारण चौघानपाटा से लेकर आगे वन विभाग कार्यालय से आगे तक वाहनों की कतार लगी रही। जाम में फंसे लोगों को तमाम परेशानियां उठानी पड़ी। इस बीच सड़क पर बैठे प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। करीब आधे घंटे तक जाम से मुश्किलें बढ़ती जा रही थी। इसी को देखते हुए पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को धरने से जबरन उठाने का प्रयास किया तो दोनों पक्षों में नोकझोंक शुरू हो गई। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद प्रदर्शनकारियों को सड़क से उठाकर गांधी पार्क की ओर भेजा तब जाकर जाम खुल पाया। हालांकि देहरादून में हुई घटना के बाद पुलिस ने खूब एहतियात बरती। प्रदर्शनकारियों पर कतई सख्ती नहीं की।
भर्ती घोटाले की हो सीबीआई जांचरू अभाविप
देहरादून में बेरोजगार युवाओं पर लाठीचार्ज से न केवल कांग्रेस बल्कि अल्मोड़ा में अभाविप कार्यकर्ताओं में भी आक्रोश का माहौल देखने को मिला। अभाविप नेता व छात्र महासंघ अध्यक्ष देवाशीष धानिक ने देहरादून में बेरोजगार युवाओं पर हुए लाठीचार्ज की कड़ी निंदा की है। उन्होंने भर्ती घपले की जल्द से जल्द सीबीआई जांच कराने की मांग उठाई है। कहा कि यदि मांग पूरी नहीं हुई तो छात्र सड़कों पर उतरने को विवश होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *