कैबिनेट मंत्री के पति के विवादित बयान पर कांग्रेस आक्रोशित, फूंका पुतला

Spread the love

अल्मोड़ा()। उत्तराखंड सरकार की मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधर साहू के महिला विरोधी बयान के खिलाफ जिला कांग्रेस कमेटी अल्मोड़ा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कड़ा विरोध दर्ज कराया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चौघानपाटा में रेखा आर्या और गिरधर साहू का पुतला दहन कर बयान की निंदा की। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि गिरधर साहू द्वारा दिया गया बयान न केवल महिलाओं का अपमान है, बल्कि पूरे देश की बेटियों की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाला है। इस बयान को समाज के लिए शर्मनाक बताते हुए कांग्रेस ने इसे अमानवीय सोच का प्रतीक बताया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने कहा कि भाजपा की सत्ता के संरक्षण में उसके नेताओं और उनके परिजनों के भीतर महिलाओं को वस्तु समझने की मानसिकता पनप रही है। उन्होंने कहा कि यह बयान पूरे महिला समाज का अपमान है और भाजपा सरकार की चुप्पी यह दर्शाती है कि वह इस सोच से असहमति जताने के लिए तैयार नहीं है। उन्होंने मांग की कि रेखा आर्या सार्वजनिक रूप से माफी मांगें और भाजपा नेतृत्व स्पष्ट करे कि वह इस बयान से सहमत है या नहीं। विधायक मनोज तिवारी ने कहा कि इस तरह के बयान ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ जैसे नारों पर करारा तमाचा हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की कथनी और करनी में गहरा अंतर है। कांग्रेस पार्टी ने साफ किया कि जब तक इस मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। पुतला दहन कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज, विधायक मनोज तिवारी, नगर अध्यक्ष तारा चंद्र जोशी, महिला जिलाध्यक्ष राधा बिष्ट, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष दीपक कुमार, पूरन रौतेला, दीपा साह, राधा टम्टा, सुशील साह, दीप डांगी, परितोष जोशी, अमरजीत भाकुनी, आनंद सिंह बिष्ट, विनोद वैष्णव, गोविंद मेहरा, वैभव पांडे, हेम तिवारी, अनूप भारती, प्रदीप कुमार, दिनेश नेगी, कार्तिक साह, हिमांशु मेहता और संदीप बिष्ट सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *