जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : अंकिता भंडारी हत्याकांड में भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौर की पत्नी उर्मिला की ओर से सोशल मीडिया में कथित वीआईपी का नाम लेने के बाद कांग्रेस में आक्रोश है। कांग्रेसियों ने प्रदेश सरकार व भाजपा का पुतला दहन करते हुए उक्त वीआईपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई। कहा कि प्रदेश की जनता अंकिता को न्याय दिलवाने के लिए लगातार संघर्ष कर रही है। बावजूद प्रदेश सरकार वीआईपी को बचाने का कार्य कर रही है।
झंडाचौक चौराहे के समीप पहुंचे कांग्रेसियों ने राज्य सरकार व भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन किया। कहा कि दो दिन पूर्व भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौर की पत्नी उर्मिला ने सोशल मीडिया पर अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर कई खुलासे किए। राज्य में भाजपा के पदाधिकारी और नेता जनहित के कार्य करने की बजाय गलत कार्यों में लिप्त हैं। कहा कि प्रदेश की जनता लगातार उक्त वीआईपी की गिरफ्तारी करने की मांग उठा रही है। लेकिन, भारतीय जनता पार्टी व प्रदेश सरकार वीआईपी को बचाने का कार्य कर रही है। कहा कि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा देने वाले प्रधानमंत्री को भी इस प्रकरण में गंभीरता दिखते हुए मामले की सीबीआई जांच करवानी चाहिए। प्रदेश की बेटियों के साथ इस तरह का अत्याचार किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष विकास नेगी, महानगर अध्यक्ष मीना बछवाण, कांग्रेस पूर्व प्रदेश महामंत्री रंजना रावत, बलवीर सिंह रावत, प्रीति देवी, विनीता देवी, हेमचंद पंवार, सुनील दत्त, नीरज बहुगुणा, राकेश शर्मा, गोपाल गुसाई आदि मौजूद रहे।