जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : सैन्य अधिकारी कर्नल सोफिया को लेकर विवादित बयान देने पर युवा कांग्रेस व कांग्रेस कार्यकर्ताओं व पदधिकारियों ने मध्य प्रदेश के मंत्री विजय शाह का पुतला दहन किया। कहा कि मंत्री के इस बयान से भारतीय सेना के मनोबल को ठेस पहुंची है।
शुक्रवार को नगर कांग्रेस कमेटी व युवा कांग्रेस कार्यकर्ता झंडाचौक में पहुंचे। जहां उन्होंने मंत्री विजय शाह के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया। वक्ताओं ने कहा कि आपरेशन सिंदूर में महिला सैन्य अधिकारी कर्नल सोफिया ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। हर किसी को देश की इस बेटी पर नाज है। लेकिन, भाजपा के मंत्री विजय शाह कर्नल को लेकर विवादित बयान दे रहे हैं। कांग्रेस नगर अध्यक्ष संजय मित्तल ने कहा कि यह टिप्पणी न केवल सेना में सेवा देने वाली बेटियों का अपमान है, बल्कि भारतीय सेना के मनोबल को भी ठेस पहुंचाती है। वक्ताओं ने एक स्वर में मंत्री की गिरफ्तारी और तत्काल बर्खास्तगी की मांग उठाई। इस मौके पर युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष विजय रावत, कांग्रेस कमेटी कोटद्वार के संरक्षक दान सिंह रावत, कार्यकारी अध्यक्ष प्रवीन रावत, महावीर सिंह रावत, विजय नारायण सिंह, चंद्रमोहन खर्कवाल, गणेश नेगी, बृजपाल सिंह नेगी, सुधा असवाल सहित कई अन्य मौजूद रहे।