महिलाओं को न्याय दिलवाने सड़क पर उतरी कांग्रेस

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : सरकार पर महिला उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए महिला कांग्रेस ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। कहा कि देश में बेटियों का उत्पड़ीन किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि बेटियों को न्याय नहीं मिला तो कांग्रेस पूरे देश में जनआंदोलन चलाएगी।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार महिला कांग्रेस कार्यकर्ता झंडाचौक में एकत्रित हुए। वहां से वे प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला व जिलाध्यक्ष रश्मि पटवाल के नेतृत्व में तहसील परिसर पहुंचे और प्रदर्शन करने के बाद प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति व राज्यपाल को ज्ञापन प्रेषित किया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान भाजपा शासन में महिलाएं और बेटियां सुरक्षित नहीं रह गई हैं। महिलाओं पर अत्याचार लगातार बढ़ रहे हैं। अंकिता भंडारी हत्याकांड इसका सुबूत है। अंकिता के माता-पिता अभी भी न्याय के लिए भटक रहे हैं और प्रदेश सरकार उनको त्वरित न्याय दिलाने में असफल रही है। दूसरी ओर ओलंपिक पदक विजेता और देश का नाम रोशन करने वाली महिला पहलवानों ने जब अपने साथ हुए अत्याचारों के खिलाफ आवाज उठाई तो उन्हें धरना स्थल से ही हटा दिया गया। ज्ञापन में राष्ट्रपति से महिला अत्याचारों के खिलाफ प्रदेश व केंद्र सरकार को कठोर कार्रवाई करने के लिए निर्देशित करने की मांग की गई है। ज्ञापन प्रेषित करने वालों में पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी, मेयर हेमलता नेगी, पूर्व विधायक शैलेंद्र सिंह रावत, जिलाध्यक्ष विनोद डबराल, चंद्रकला नेगी, नीलम रावत, सुनीता बिष्ट, सुधा असवाल और विनीता भारती सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *