उत्तराखंड विधानसभा चुनाव : कांग्रेस सभी 70 सीटों पर आज किसी भी वक्त कर सकती है प्रत्याशियों की घोषणा

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
देहरादून : उत्तराखंड विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस आज किसी भी वक्त प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा कर सकती है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को करीब पांच घंटे चली सीईसी की बैठक में लंबे विचार-विमर्श के बाद कांग्रेस में सभी सीटों पर टिकट आवंटन को लेकर सहमति बन गई है।
भारतीय जनता पार्टी की 59 सीटों पर सूची जारी होने के बाद सभी की निगाहें कांग्रेस की सूची पर टिकी हुई हैं। वहीं, हरक सिंह रावत व उनकी बहू अनुकृति के कांग्रेस में शामिल होने के बाद गढ़वाल विधानसभा सीटों पर दावेदारी करने वाले कांग्रेसियों की भी धड़कनें बढ़ गई हैं। ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं कि कांग्रेस हरक सिंह रावत या उनकी बहू अनुकृति को गढ़वाल की किसी एक विधानसभा सीट से टिकट दे सकती है। यदि ऐसा होता है तो कांग्रेस के किसी न किसी दावेदार को टिकट से वंचित रहना होगा। इसके बाद पहाड़ की राजनीति क्या मोड़ लेती है, यह तो आने वाला वक्त ही बताएगा। उधर, बताया जा रहा है कि कांग्रेस की तीन से चार सीटों पर असमंजस की स्थिति बनी हुई थी जिसे दून कर दिया गया है। कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि लगभग सभी सीटों पर सहमति बन गई है, जल्द ही सूची जारी कर दी जाएगी।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बताया कि हरक सिंह रावत ने कहा कि वह निस्वार्थ भाव से कांग्रेस की सेवा करना चाहते है। वह पार्टी को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएंगे। वहीं, लैंसडौन सीट से कांग्रेस द्वारा हरक सिंह रावत की बहू को मैदान में उतारने की बात पर उन्होंने कहा कि ऐसा प्रस्ताव स्क्रीनिंग कमेटी के सामने आया, लेकिन अंतिम फैसला आलाकमान को लेना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *