देहरादून। चंदर रोड एमडीडीए कॉलोनी वार्ड में छह दिनों से सफाई ठप होने से आक्रोशित कांग्रेस के पार्षदों और लोगों ने नगर निगम में सांकेतिक धरना प्रदर्शन दिया। पार्षदों ने चेतावनी दी कि यदि बुधवार तक वार्ड में सफाई शुरू नहीं हुई तो अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया जाएगा। मंगलवार को कांग्रेस महानगर अध्यक्ष डॉ. जसविंदर गोगी, पार्षद रॉबिन त्यागी के नेतृत्व में कांग्रेस के पार्षदों व वर्करों ने नगर निगम परिस रमें धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि कुछ दिन पहले चंदर रोड एमडीडीए कॉलोनी के कांग्रेसी पार्षद रॉबिन त्यागी और नगर आयुक्त के बीच विवाद हो गया था। इसके बाद नगर निगम के कर्मचारी हड़ताल पर चले गए, जो सोमवार को वापस काम पर लौटे। पार्षद रॉबिन त्यागी ने आरोप लगाया कि वह जनता की समस्याओं को लेकर नगर आयुक्त से मिलने गए थे, इसमें विवाद जैसी कोई बात नहीं है। इसके बाद उनके वार्ड में सफाई का काम ठप कर दिया है। उन्होंने अफसरों पर भेदभाव का आरोप लगाया। कहा कि वार्ड में बढ़ती गंदगी के कारण बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है, इसका जिम्मेदार नगर निगम होगा। यदि बुधवार तक सफाई शुरू नहीं की जाती है तो अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में कांग्रेसी पार्षद आयुष गुप्ता, कोमल वोहरा, मोनिका चौधरी, संजना गुप्ता, मुकीम अहमद, जाहिद अंसारी, विकास खान, अमित भंडारी, संजय शर्मा, कांग्रेस महानगर अध्यक्ष डॉ. जसविंदर गोगी, विनीत प्रसाद भट्ट, ऋषि क्षेत्री, मोहन काला आदि शामिल रहे।