कांग्रेस ने गिनाईं धामी सरकार की तीन साल की नाकामियां

Spread the love

रुद्रपुर। कांग्रेस ने धामी सरकार के तीन साल पूरे होने पर उसे पूरी तरह विफल करार देते हुए कड़ा हमला बोला है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राज्य में सिर्फ भाजपा नेताओं का विकास हो रहा है, जबकि आम जनता, किसान, व्यापारी और बेरोजगार खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं। कांग्रेस जिला अध्यक्ष हिमांशु गाबा ने पत्रकार वार्ता में कहा कि धामी सरकार तीन साल के कार्यकाल की झूठी वाहवाही लूटने के लिए करोड़ों रुपये प्रचार में बहा रही है, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही है। उन्होंने सरकार की विफलताओं को गिनाते हुए कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार अपने चरम पर है। कानून व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ चुकी है। बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है। महिलाओं और दलितों का उत्पीड़न बढ़ा है। पुलिस प्रशासन भाजपा नेताओं के इशारों पर काम कर रहा है। खनन और आबकारी घोटाले चरम पर हैं। महिला कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष मीना शर्मा ने कहा कि सरकार “सेवा दिवस” के नाम पर जनता के टैक्स की गाढ़ी कमाई को लुटाने में लगी है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य भ्रष्टाचार का मॉडल बन चुका है और अब रिश्वतखोरी गूगल पे और पेटीएम के जरिए हो रही है। खनन और शराब माफिया को खुला संरक्षण दिया जा रहा है। महानगर अध्यक्ष सीपी शर्मा ने सरकार पर किसानों और व्यापारियों की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार ने 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया था, लेकिन आज तक ऐसा नहीं हुआ। शराब सस्ती कर दी गई है, लेकिन डीजल, बिजली और खाद के दाम आसमान छू रहे हैं। हाईवे निर्माण के चलते सैकड़ों छोटे व्यापारियों को उजाड़ दिया गया और पुनर्वास के नाम पर लाखों रुपये मांगे जा रहे हैं। कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि सरकार की नीतियों से जनता पूरी तरह त्रस्त हो चुकी है और 2027 के चुनाव में बदलाव के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि जनता अब भाजपा सरकार के झूठे वादों और खोखली घोषणाओं से गुमराह नहीं होगी। प्रेसवार्ता में महिला कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष मीना शर्मा, अनिल शर्मा, महानगर अध्यक्ष महिला कांग्रेस मोनिका ढाली, ममता रानी पूर्व मेयर प्रत्याशी, सतीश राजपूत, निसार खान मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *