उत्तरकाशी। पुरोला नगर पालिका के शनिवार को चुनाव परिणाम में कांगेस ने एक बार फिर भाजपा को पटकनी दी है। यह तीसरा अवसर है जग कांग्रेस प्रत्यासी ने अध्यक्ष पर पर अपनी जीत सुनिश्चित की है। यहां कांग्रेस प्रत्याशी बिहारी लाल ने 1573 मत हासिल कर भाजपा के प्यारेलाल हिमानी को 698 मतों से हराया है। यहां भाजपा प्रत्याशी प्यारे लाल हिमानी को महज 875 वोट मिल पाए। 4,270 मतदाताओं की इस नगर पालिका में जीत का एक बड़ा अंतर देखने को मिला है। गत 23 जनवरी को हुए मतदान में कुल 3148 मत पड़े थे। जिसमें भाजपा, कांग्रेस सहित तीन निर्दलीय प्रत्याशियों ने अपना भाग्य आजमाया। भाजपा के संगठन सहित विधायक ने भी चुनाव परिणाम अपने पक्ष में करने को खूब पसीना बहाया। लेकिन यहां भाजपा को 698 मतों के बड़े अंतर से हार को स्वीकार करना पड़ा। अचानक सीट परिवर्तन के साथ ही निकाय चुनाव में हार का सामाना कर रहे भाजपा के प्यारेलाल हिमानी के ब्लॉक प्रमुख व नगर पंचायत के पिछले कार्यकाल की कुछ कमियां महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं।वहीं कांग्रेस प्रत्याशी बिहारी लाल की लगातार कई वर्षों की मेहनत उनका लगातार स्थानीय लोगों से मेल- मिलाप व कांग्रेस की स्थानीय टीम की एकजुटता के साथ कांग्रेस के ही निवर्तमान अध्यक्ष हरिमोहन नेगी के कार्यकाल में किए गए विकास कार्यों को कांग्रेस की जीत का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है। स्थानीय लोगों की राय सुमारी को मानें तो भाजपा के स्थानीय बड़े नेताओं के व्यवहार व पार्टी के अंतर्कलह को भी भाजपा की हार का एक महत्वपूर्ण कारण माना जा रहा है।