जन समस्याओं को लेकर कांग्रेस ने तहसील में किया सत्याग्रह

Spread the love

पहाड़ों में लगातार बढ़ रहे जंगली जानवरों के आतंक सहित विभिन्न समस्याओं पर रोष
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार:पहाड़ी क्षेत्रों में बढ़ रहे जंगली जानवरों के आतंक से वहां के आम जन को राहत दिलाने और राज्य आंदोलनकारियों के लिए दस प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण लागू करने की मांग को लेकर कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष एवं उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी संयुक्त समिति के केंद्रीय संरक्षक धीरेंद्र प्रताप ने कोटद्वार तहसील में सत्याग्रह किया। इस दौरान पूर्व काबीना मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी व पूर्व विधायक शैलेंद्र रावत ने भी उनके आंदोलन को समर्थन दिया।
शुक्रवार को धीरेंद्र प्रताप ने तहसील परिसर स्थित वीर चंद्र सिंह गढ़वाली की प्रतिमा के समक्ष कांग्रेसियों ने सत्याग्रह किया। धीरेंद्र प्रताप ने कहा कि प्रदेश के पहाड़ी क्षेत्रों में किसानों, महिलाओं और बुजुर्गों सहित सभी लोगों पर जंगली जानवरों के हमले लगातार बढ़ रहे हैं। इन हमलों में लोगों को अपनी जान भी गंवानी पड़ी है, लेकिन सरकार इस संबध में अभी तक ठोस नीति नहीं बना पाई है। कहा कि जंगली जानवरों के हमले बढ़ते रहे तो पहाड़ से पलायन लगातार बढ़ता रहेगा। सत्याग्रह स्थल पर मौजूद पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि सत्याग्रह में उठाए गए मुद्दों पर प्रदेशवासियों को जागरूक होकर कार्य करना होगा। पूर्व विधायक शैलेंद्र सिंह रावत ने कहा कि सत्याग्रह में उठाए गए ज्वलंत मुद्दों की ओर प्रदेश सरकार ध्यान नहीं दे रही है। इस कारण पहाड़ से पलायन बढ़ता जा रहा है। मौके पर राज्य आंदोलनकारियों का पुन: चिन्हीकरण कर उनके लिए दस प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण लागू करने की मांग भी की गई। इस मौके पर महानगर अध्यक्ष संजय मित्तल, प्रदेश रावत, बलवंत सिंह रावत, धीरेंद्र सिंह बिष्ट, अमित राज सिंह, महेंद्र सिंह, बृजपाल नेगी, सुदीप सिंह रावत, मोहन सिंह, गोपाल सिंह गुसाईं, राज भाटी, आशुतोष वर्मा, विजय कुमार माहेश्वरी आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *