जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : प्रदेश में बिगड़ रही कानून व्यवस्था पर जिला कांग्रेस कार्र्यकर्ताओं ने रोष व्यक्त किया है। कहा कि भाजपा के नेता स्वयं कानून व्यवस्था को बिगाड़ने का कार्य कर रहे हैं। इसका प्रत्याक्ष उदाहरण खानपुर विधानसभा व ऋषिकेश में मंत्री द्वारा दिए गए विवादित बयान हैं।
कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों उपजिलाधिकारी के माध्यम से प्रदेश के राज्यपाल को ज्ञापन प्रेषित किया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष विनोद डबराल ने कहा कि प्रदेश भाजपा सरकार की लचर कानून व्यवस्था के चलते खानपुर के पूर्व विधायक कुंवर प्रणव चैंपियन और वर्तमान विधायक उमेश कुमार द्वारा खुलेआम गोलीबारी, गाली-गलौज करने की घटना देवभूमि को शर्मसार करने वाली है। वहीं ऋषिकेश विधायक प्रेमचन्द अग्रवाल के वायरल बीडीओ में वे अपने बीजेपी कार्यकर्ताओं को दंगे फसाद के लिए उकसा रहे हैं साथ ही उनके और बीजेपी समर्थक एक रैली में उत्तराखंड के लोगों और मातृ शक्ति के लिए अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहे हैं, जो कि सामाजिक विद्वेष फैलाने की साजिश का हिस्सा प्रतीत होती है। इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कानून बनाया जाना चाहिए। ज्ञापन में राज्यपाल से इस तरह की घटनाओं को रोकने और घटना में शामिल लोगों पर तत्काल आवश्यक कार्यवाही करने के सम्बन्ध में प्रदेश सरकार को निर्देशित करने की मांग की गई है। ज्ञापन प्रेषित करने वालों में बलबीर सिंह रावत, रंजना रावत, बीना नेगी, विमलेश नेगी, सुमित्रा नेगी, भारत सिंह नेगी, गोपाल सिंह नेगी, प्रदीप नेगी, अमित राज सिंह, महाबीर सिंह नेगी और प्रेम सिंह पयाल सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।