मंगलवार को भाजपा की ओर से दहन किया गया था महापौर का पुतला
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार: व्यापारियों को व्यावसायिक कर लगाए जाने के विरोध में भारतीय जनता पार्टी की ओर से महापौर का पुतला दहन करने पर कांग्रेस ने रोष व्यक्त किया है। कहा कि भारतीय जनता पार्टी जनता को गुमराह करने का कार्य कर रही है। हकीकत यह है कि सत्ता में बैठी भाजपा ही व्यापारियों को जबरन कर लगा रही है।
नगर कांग्रेस कमेटी कार्यालय में महानगर अध्यक्ष संजय मित्तल की अध्यक्षता में हुई बैठक में कहा कि नगर निगम पूर्व में ही व्यवसायिक टैक्स न लेने को लेकर बोर्ड में प्रस्ताव पारित कर चुका है। नगर निगम अधिनियम 1959 की धारा 199 के तहत प्रदेश सरकार किसी भी नगर निगम क्षेत्र में टैक्स लागू कर सकती है। टैक्स कम, ज्यादा या समाप्त करना भी राज्य सरकार के क्षेत्र में आता है। व्यापार कर वसूली की अधिसूचना जारी करना भी राज्य सरकार का ही काम है। उन्होंने कहा कि नगर निगम के पास व्यवसायिक टैक्स वसूली का कोई अधिकार नहीं है, लेकिन भाजपा के लोग कांग्रेस शासित नगर निगम पर कर वसूली का झूठा आरोप लगा जनता का ध्यान भटका रही हैं। जिसे कांग्रेस कार्यकत्र्ता बर्दाश्त नहीं करेंगे।उन्होंने कहा कि भाजपा जानकारी के अभाव में नकारात्मक राजनीति पर उतर आई हैं। इस मौके पर अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष सरदार महेंद्र सिंह, विधानसभा अध्यक्ष साबर सिंह नेगी, युंका कांग्रेस के विधानसभा अध्यक्ष विजय रावत, धीरेंद्र सिंह बिष्ट, हेमचंद पंवार, बृजपाल सिंह नेगी, सुदर्शन रावत, विनोद अग्रवाल सहित कई अन्य मौजूद रहे।