जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : भाबर क्षेत्र के अंतर्गत जशोधरपुर स्टील फैक्ट्रियों से निकल रहे जहरीले धुएं के खिलाफ कांग्रेस ने रोष व्यक्त किया है। कहा कि धुएं के कारण आसपास के लोगों का सांस लेना भी दूभर हो गया है। साथ ही लोगों को संक्रामक बीमारियों का भी खतरा बना हुआ है।
समस्या के संबंध में कांग्रेसियों ने उपजिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजा। जिलाध्यक्ष विनोद डबराल ने बताया कि जशोधरपुर स्टील फैक्टियों में लोहा उपयोगी सामग्री तैयार की जाती है। वर्तमान में इंडस्ट्रीयल एरिया जशोधरपुर में दर्जनों स्ट्रील फैक्ट्रियां संचालित हो रही है। स्टील फैक्ट्रियों से निकल रहा काला धुंआ जन स्वास्थ्य के लिए घातक बन रहा है। आरोप है कि स्टील फैक्ट्रियां मानकों का उल्लंघन कर रहा है। काले धुएं से आसपास के क्षेत्र में फसलों व वनस्पतियों को भी नुकसान पहुंचा रहा है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल से प्रदूषण फैला रही स्टील फैक्ट्रियों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए संबधित विभाग को निर्देशित करने की मांग की है। मांग न माने जाने पर स्थानीय लोगों के सहयोग से आंदोलन की चेतावनी दी है। इस मौके पर रंजना रावत, बलवीर सिंह रावत, गोपाल गुसांई, मो.स्वाले, भीमेंद्र पंवार, विजय नेगी, विनोद नेगी मौजूद रहे।