विद्युत दरें बढ़ाने पर कांग्रेस ने जताया रोष

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : प्रदेश में विद्युत दरों को बढ़ाए जाने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने रोष व्यक्त किया है। कांग्रेसियों ने जल्द बढ़ी हुई विद्युत दरें वापस नहीं लेने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। कहा कि जनता की अनदेखी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
गुरुवार को कांग्रेसियों ने अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया। कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। राज्य में बेरोजगारों को रोजगार नहीं मिल पा रहा है, वहीं प्रदेश सरकार ने लोकसभा निर्वाचन के प्रथम चरण के मतदान संपन्न होने के बाद बिजली बिलों में भारी बढ़ोतरी कर पहले से ही महंगाई की मार झेल रही जनता पर आर्थिक बोझ और बढ़ा दिया है, जिससे आम जनमानस में भारी आक्रोश है। कहा कि महानगर और यूथ कांग्रेस सरकार से बढ़ी हुई बिजली दरों को वापस लेने की पुरजोर मांग करती है। चेतावनी दी कि ऐसा न होने पर कार्यकर्ता आंदोलन पर बाध्य होंगे। ज्ञापन प्रेषित करने वालों में महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष संजय मित्तल, कार्यकारी अध्यक्ष प्रवीन रावत, यूथ कांग्रेस जिला अध्यक्ष विजय रावत, सुदर्शन रावत, बृजपाल सिंह नेगी, राजेंद्र असवाल, सुनील सेमवाल और राकेश शर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *