कर्णप्रयाग। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस पार्टी ने अपनी तैयारी तेज कर दी है। ब्लॉक सभागार में आयोजित ब्लॉक कार्यकारिणी की बैठक में वरिष्ठ कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया। इस दौरान आगामी चुनाव रणनीति और बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करने पर चर्चा हुई। बैठक में विनोद कुमार शाह को एससी प्रकोष्ठ ब्लॉक अध्यक्ष और सुरेंद्र सिंह कंडवाल को सैनिक प्रकोष्ठ ब्लॉक अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई। कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष सुभाष रावत की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में बदरीनाथ विधायक लखपत सिंह बुटोला ने कहा कि प्रदेश की जनता आज फिर से कांग्रेस पार्टी की मांग कर रही है। वर्तमान की भाजपा सरकार हर चीज में विफल साबित हुई है। उन्होंने नीट पेपर लीक मामले में सरकार की विफलता का भी जिक्र किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने बूथ मजबूत करने को सत्ता में वापसी की पहली शर्त बताया। इस दौरान चक्रधर सेमवाल, रेखा रावत और चंडी प्रसाद चौकीयाल को वरिष्ठ ब्लॉक उपाध्यक्ष, अमित कंडारी और विपुल ध्यानी को ब्लॉक महामंत्री बनाया गया। यशवंत असवाल, नीरज बिष्ट, आशीष बिष्ट, प्रदीप कठैत को सोशल मीडिया टीम मेंं जगह दी गई।
इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुरेश कुमार डिमरी, महिला जिलाध्यक्ष उषा रावत, प्रभारी ईश्वर बिष्ट और प्रदेश महामंत्री हरिकृष्ण भट्ट भी मौजूद थे।