देहरादून()। चंद्रबनी चौक स्थित एक कैफे में पार्टी के जश्न के दौरान कांग्रेस नेत्री पर रेस्त्रां संचालक ने करछी से हमला किया था। घटना बीते चार फरवरी की रात है। मामले में पुलिस ने रविवार को तीन आरोपी पकड़े। उनसे पूछताछ में पता लगा कि विवाद की शुरुआत पार्किंग से कार निकालने को लेकर हुई थी। घटना चार फरवरी की रात की है। गांधीग्राम गुरुद्वारा रोड निवासी माही पुत्री हरीश जेटली कांग्रेस की युवा नेता हैं। वह अपने दोस्तों के साथ चंद्रबनी चौक के पास स्थित ब्रू कैफेमें वीकेंड पार्टी मनाने गई थीं। उसी दौरान वहां ब्रह्मपुरी और चंद्रबनी क्षेत्र के कुछ युवक भी पार्टी कर रहे थे। पार्टी खत्म होने के बाद जब आरोपी पक्ष आयुष, पंकज, हिमांशु व अन्य कैफे की पार्किंग से अपनी गाड़ी निकाल रहे थे तभी उनकी गांधीग्राम निवासी सोहेल और तीन अन्य युवकों से बहस हो गई। देखते ही देखते कहासुनी हाथापाई में बदल गई। सड़क पर हंगामा बढ़ता देख कांग्रेस नेत्री माही के साथी गौतम और कैफे मालिक ने दोनों पक्षों को शांत कराने और बीच-बचाव करने का प्रयास किया। पुलिस जांच में सामने आया है कि इसी आपाधापी में कैफे मालिक के हाथ से गलती से एक करछी (खाना बनाने का उपकरण) पास खड़ी माही के सिर पर लग गई। सिर पर चोट लगने से वह लहुलूहान हो गईं। जिसे केस दर्ज कराते वक्त चापड़ से हमला बताया गया। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि घटना के अगले दिन युवती के भाई ने पटेलनगर कोतवाली में केस दर्ज कराया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य तथ्यों पर कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है। पकड़े गए युवकों की पहचान पंकज रावत (18) निवासी चंद्रबनी चोयला, हिमांशु (19) निवासी ब्रह्मपुरी, पटेलनगर और सूरज राणा (19) निवासी चंद्रबनी चोयला के रूप में हुई है। घटना में बयान दर्ज कर नोटिस देकर आरोपी रिहा किए गए।