कांग्रेस नगर महामंत्री संगठन वैभव पांडेय ने अग्निपथ योजना को वापिस लेने की मांग फिर दोहराई

Spread the love

अल्मोड़ा। अल्मोड़ा कांग्रेस के नगर महामंत्री संगठन एडवोकेट वैभव पाण्डेय ने प्रेस को जारी एक बयान में कहा कि आज ही के दिन पिछले साल अग्निपथ योजना लाई गई थी। राष्ट्रीय सुरक्षा को ठेके पर देने वाली इस युवा विरोधी योजना का हमारे साथियों ने डटकर विरोध किया था। श्री पाण्डेय ने कहा कि अग्निपथ के पीटे सीधा मकसद यही है कि सेना से प्रशिक्षण दिलाकर सुरक्षाकर्मियों को धन्नासेठों की सेवा में लगाया जाए। मतलब अपने मित्रों को फायदा पहुंचाने के लिए भारत की सेना को भी नहीं बख्शा इस सरकार ने। यह युवाओं के साथ धोखा ही नहीं, देश की सुरक्षा के साथ समझौता भी है। उन्होंने कहा कि इस योजना के कारण सेना की बाकी भर्तियों को रद्द कर दिया गया। यहाँ तक कि भर्ती प्रक्रिया में सफल होकर नियुक्ति का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के भी सपने तोड़ दिए गए। मानसिक अवसाद में आए कई युवाओं ने आत्महत्या कर लिया। लेकिन सत्ता में बैठे शहंशाहों का दिल नहीं पसीजा। बाद में तो सरकार ने यह भी कहा कि अग्निवीर के लिए लाखों आवेदन आने का मतलब है कि युवाओं ने योजना को स्वीकार कर लिया है। जबकि सच्चाई यह है कि एक साल के लिए भी अगर बीस हजार रुपए की नौकरी भी दी जाए तो लाखों आवेदन आ जाएंगे। असल में यह संख्या देश में भीषण बेरोजगारी का परिचायक है, अग्निपथ की सफलता का नहीं। उन्होंने कहा कि अग्निपथ आंदोलन के दौरान इस युवा विरोधी सरकार ने हमें जो जख्म दिए वो आज भी भरे नहीं हैं। लाठी, डंडे और मुकदमे के जोर पर भले ही आवाज को दबा दिया गया हो, लेकिन वो गुस्सा आज भी ठंडा नहीं हुआ है। बेरोजगार युवाओं का यह आक्रोश जब फूटेगा तो स्वतंत्र भारत का सबसे बड़ा आंदोलन होगा। उन्होंने सरकार से पुन: यह मांग की है कि अग्निपथ योजना को वापिस लिया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *