कांग्रेस ने हाथरस की बेटी को न्याय दिलाने को किया सत्याग्रह

Spread the love

पिथौरागढ़। कांग्रेस ने हाथरस व बलरामपुर में हुई दुष्कर्म की घटनाओं को लेकर पीड़ित परिवार को न्याय देने की मांग पर सत्याग्रह किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मोदी के शासन में देश की बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। हाथरस में पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे राहुल गांधी को रोके जाने पर कार्यकर्ताओं ने इसे लोकतंत्र की हत्या बताया। सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ता बढ़ी संख्या में जिलाध्यक्ष त्रिलोक महर के नेतृत्व में गांधी चौक पहुंचे और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के पास सत्याग्रह किया। महर ने कहा हाथरस व बलरामपुर में बेटियों से हुए दुष्कर्म ने आज पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। बावजूद इसके प्रदेश व केंद्र सरकार इस जघन्य अपराध के दोषियों के खिलाफ कार्रवाई से बच रही है। कहा भाजपा सरकार में देश की बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। युकां अध्यक्ष ऋषेंद्र महर ने कहा पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे राहुल व प्रियंका गांधी को रोककर भाजपा सरकार ने लोकतंत्र की हत्या की है। उनके साथ हुई बद्सलूकी भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों को दर्शाती है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता रमेश कापड़ी ने कहा देश में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के नारे गूंज रहे हैं। लेकिन भाजपा व मोदी सरकार देश की बेटियों की उपेक्षा कर रही है। देश की बेटियों के साथ आए दिन बलात्कार हो रहे हैं। बावजूद इसके भाजपा सरकार दोषियों को शह देकर इन अपराधों को बढ़ावा दे रही है। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने शीघ्र दोषियों को सजा देने की मांग की। चेतावनी देते हुए कहा शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस देशव्यापी आंदोलन छेड़ेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *