निकाय चुनावों के लिए कांग्रेस पर्यवेक्षकों ने कार्यकर्ताओं का मन टटोला

Spread the love

चमोली : नगर निकाय चुनाव के लिए राजनैतिक दलों ने नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों से अध्यक्ष और सभासदों के लिए दावेदारों के दावे और कार्यकर्ताओं का मन टटोलने की कवायद तेज कर दी है। शुक्रवार को जिला मुख्यालय गोपेश्वर में कांग्रेस पार्टी ने गोपेश्वर चमोली नगर पालिका, जोशीमठ नगर पालिका तथा नन्दानगर और नन्द प्रयाग नगर पंचायतों से अध्यक्ष पद के लिए दावेदारों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर रायशुमारी की। कांग्रेस पार्टी से निकाय चुनाव के लिए चमोली जिले के जिला प्रभारी पर्यवेक्षक द्वारहाट के विधायक मदन बिष्ट ने गोपेश्वर, जोशीमठ, पीपलकोटी, नंदप्रयाग व नंदानगर नगर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक में कार्यकर्ताओं के मन की बात और अध्यक्ष पद के दावेदारों के दावे और आधार जाने। चुनाव पर्यवेक्षक विधायक मदन बिष्ट ने कार्यकर्ताओं को संबोधित कर कहा कि पार्टी जिसे भी टिकट देगी। सभी कार्यकर्ता उनके लिए एकजुटता से कार्य करेंगे। जानकारी के अनुसार कांग्रेस की रायशुमारी बैठक में नगर पालिका गोपेश्वर से अध्यक्ष पद के लिए 10, जोशीमठ से 11, पीपलकोटी से 1, नंदप्रयाग से 6 तथा नंदानगर से 1 दावेदार ने दावेदारी जताई गई। बैठक में जिलाध्यक्ष मुकेश नेगी, विधायक बद्रीनाथ लखपत बुटोला, पूर्व विधायक डा. जीतराम प्रदेश महामंत्री हरिकृष्ण भट्ट, पूर्व जिलाध्यक्ष वीरेंद्र रावत, नगर प्रभारी कमल रतूड़ी सहित सभी प्रभारी और कांग्रेस के दिग्गज नेता शामिल रहे। (एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *