कांग्रेस ने राजधानी की बिगड़ती कानून व्यवस्था को सुधारने की मांग उठाई

Spread the love

देहरादून। महानगर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने फायरिंग में रिटायर्ड ब्रिगेडियर की मौत के मामले में रोष जतायाहै। उन्होंने एसएसपी से मुलाकात कर राजधानी की बिगड़ती कानून व्यवस्था को सुधारने की मांग उठाई। सोमवार को पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचन्द शर्मा के नेतृत्व में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने एसएसपी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में लालचन्द शर्मा ने कहा कि देहरादून उत्तराखंड का प्रशासनिक, राजनीतिक एवं आर्थिक केंद्र है, लेकिन दून राजधानी आज गंभीर आपराधिक घटनाओं के कारण असुरक्षा के माहौल से गुजर रही है। राजपुर थाना क्षेत्र में रिटायर्ड ब्रिगेडियर की दिनदहाड़े हत्या, रायपुर थाना क्षेत्र में पीआरडी जवान की हवालात में संदिग्ध मृत्यु तथा नारी निकेतन में महिला संवासिनी की आत्महत्या जैसी घटनाओं ने कानून व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं। इन घटनाओं से आमजन में भय और असुरक्षा का वातावरण व्याप्त हो गया है तथा अपराधियों के मन से कानून का भय समाप्त होता दिखाई दे रहा है।कहा कि शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त (पेट्रोलिंग) को बढ़ाया जाए। काले शीशे लगी गाड़ियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर सख्त चेकिंग की जाए। दून में प्रवेश करने वाले बाहरी राज्यों के वाहनों की बॉर्डर पर सघन जांच सुनिश्चित की जाए।• प्रमुख चौराहों, सुनसान मार्गों एवं संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी की संख्या बढ़ाई जाए और उनकी नियमित मॉनिटरिंग की जाए।बाहरी राज्यों के नंबर प्लेट वाली गाड़ियों की विशेष जांच की जाए। पुलिस हिरासत में होने वाली घटनाओं की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।•ओवरटेक या रोड रेज जैसी घटनाओं को रोकने हेतु ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन करवाया जाए और जागरूकता अभियान चलाया जाए। पूर्व विधायक राजकुमार ने भी देहरादून की ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि शहर में बढ़ता यातायात दबाव, अव्यवस्थित पार्किंग और नियमों की अनदेखी के कारण आए दिन जाम की स्थिति बन रही है।कहा कि प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस की तैनाती बढ़ाई जाए, स्मार्ट ट्रैफिक सिस्टम लागू किया जाए तथा अतिक्रमण के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जाए। इस मौके पर पार्षद प्रमोद गुप्ता, पार्षद वीरेंद्र बिष्ट, हिमांशु बिष्ट, मनोज सैनी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *