कांग्रेस ने उठाई दीपक को सुरक्षा देने की मांग

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : गढ़वाल के प्रवेश द्वार कोटद्वार में दुकान के नाम को लेकर हुए विवाद के मामले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने दीपक कुमार को सुरक्षा मुहैया करवाने की मांग उठाई। कहा कि कुछ दिन पूर्व कोटद्वार शहर में पहुंचे कुछ लोगों ने उत्पात मचाया था। साथ ही दीपक के जिम में घुसने का भी प्रयास किया गया। कहा कि शहर में सौहार्द बना रहे इसके लिए पुलिस को गंभीरता से कार्य करना चाहिए।
सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ता व पदाधिकारी कोटद्वार कोतवाली में पहुंचे। जहां उन्होंने अपर पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन सिंह से वार्ता की। कांग्रेस नेत्री ज्योति रौतेला व जिलाध्यक्ष विकास नेगी ने कहा कि कुछ लोग शहर का संप्रदायिक माहौल खराब करने के लिए एक मुस्लिम समाज के युवक की दुकान में पहुंचे और दुकान के नाम को लेकर विवाद करने लगे। इसी दौरान मौके पर मौजूद दीपक ने इंसानियत का परिचय देते हुए बुजुर्ग दुकानदार का पक्ष लिया और उक्त लोगों के मंसूबों पर पानी फेर दिया। कहा कि शहर में भाई-चारे का संदेश देने वाले दीपक की सुरक्षा के लिए पुलिस को गंभीरता से कार्य करना चाहिए। कुछ दिन पूर्व देहरादून सहित अन्य शहरों से बड़ी संख्या में पहुंचे व्यक्तियों ने उनके ऊपर हमला करने का भी प्रयास किया। बताया कि बड़ी संख्या में देहरादून व हरिद्वार से युवकों के शहर में पहुंचना भी पुलिस का फेलियर है। अपर पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन सिंह ने कहा कि शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस गंभीरता से कार्य कर रही है। इसके लिए पुलिस का अतिरिक्त फोर्स शहर में तैनात किया गया है। महौल खराब करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जिम के बाहर तैनात फोर्स
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने भी अपनी कमर कस ली है। मालवीय उद्यान स्थित दीपक के जिम के बाहर पुलिस फोर्स तैनात किया गया है। यही नहीं समय-समय पर पुलिस अधिकारी भी उक्त स्थान पर गश्त कर रहे हैं। किसी भी तरह की विवाद की स्थिति से निपटने के लिए शहर में अतिरिक्त पुलिस फोर्स बुलवाया गया है। शहर के मुख्य चौराहों पर भी पुलिस की तैनात की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *