जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कांग्रेस नेत्री रंजना रावत ने कहा कि प्रदेश में लगातार महिलाओं से संबंधित अपराध का ग्राफ बढ़ता जा रहा है। इसके लिए प्रदेश की भाजपा सरकार जिम्मेदार है। कहा कि देवभूमि में महिलाओं पर किसी भी तरह का अत्याचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कांग्रेस जल्द ही प्रदेशव्यापी आंदोलन चलाएगी।
शुक्रवार को कांग्रेस कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में कांग्रेस नेत्री रंजना रावत ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि भाजपा ने सत्ता में आने से पूर्व महिलाओं के हितों की बात कही थी। लेकिन, जब से प्रदेश की सत्ता में भाजपा आई है, देवभूमि में महिलाओं से संबंधित अपराध का ग्राफ बढ़ गया है। देवभूमि में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं व सत्तासीन भाजपा के कार्यकर्ता व पदाधिकारी महिला अपराधों में संलिप्त है। कहा कि हरिद्वार में भाजपा नेत्री ने अपनी 13 वर्षीय बेटी का सामूहिक दुष्कर्म करवाया। अंकिता भंडारी हत्याकांड में भी भाजपा नेता का बेटा शामिल है। द्वाराहाट में भाजपा नेता ने दलित नाबालिग युवती के साथ दुष्कर्म किया। रुद्रपुर, बहादराबाद, लालकुंआ, अल्मोड़ा सहित कई अन्य शहरों में इस तरह की घटनाएं सामने आई। कहा कि जब सत्ता में बैठी पार्टी के कार्यकर्ता व पदाधिकारी ही इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं तो कैसे अपराध पर अंकुश लगेगा यह बड़ा सवाल है। रंजना रावत ने कहा कि महिलाओं पर हो रहे अत्याचार के लिए कांग्रेस आवाज बुलंद करेगी। इस मौके पर बलवीर सिंह रावत, नीसम अहमद, गोपाल गुसाईं, लक्ष्मी चौहान, विनोद रावत, प्रेम सिंह पयाल, देवेंद्र सिंह नेगी, मनोज नेगी आदि मौजूद रहे।