जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान सदस्यों ने महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री के योगदान को याद किया। कहा कि देश के बेहतर विकास में दिए गए महापुरुषों का योगदान भुलाया नहीं जा सकता। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने महापुरुषों के बताए मार्ग पर चलने का भी संकल्प लिया।
गुरुवार को कांग्रेस कार्यालय में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर पुष्प चढ़ाते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। वक्ताओं ने कहा कि 2 अक्टूबर 1869 को महात्मा गांधी का जन्म गुजरात के पोरबंदर में हुआ था। आजादी के नायक महात्मा गांधी ने 1891 में इंग्लैंड से वैरिस्ट्री की पढ़ाई की। भारत आने के बाद उन्होंने देश की आजादी में अपना अमूल्य योगदान दिया। उन्होंने समाज को सत्य, अहिंसा, प्रेम व सदभाव का मार्ग दिखाया। वहीं, इसी दिन दो अक्टूबर 1904 को उत्तर प्रदेश के मुगलसराय में भारत के द्वितीय प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री का जन्म हुआ। लालबाहदुर शास्त्री ने सदैव देश के हित में अपना योगदान दिया। उन्होंने जय जवान, जय किसान का नारा दिया। मरणोपरांत उन्हें भारत रत्न से नवाजा गया। कहा कि देश के युवाओं को अपने महापुरुषों के बताए मार्ग पर चलना चाहिए। इस मौके पर बलवीर सिंह रावत, रमेश चंद्र खंतवाल, वीरेंद्र सिंह रावत, दलीप सिंह रावत, गोपाल सिंह, लक्ष्मी चौहान, सीला भारती, गोकुल सिंह गुसाईं, नईम अहमद, श्रीधर प्रसाद वेदवाल, कृपाल सिंह, भारत सिंह नेगी, प्रेम सिंह पयाल आदि मौजूद रहे।