श्रीनगर गढ़वाल : निकाय चुनाव में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने भाजपा का दामन थाम लिया है। भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री डा. धन सिंह रावत की मौजूदगी में खिर्सू ब्लाक प्रमुख भवानी गायत्री, कांग्रेस के पूर्व प्रदेश सचिव मोहन चंद्र गायत्री व वरिष्ठ कांग्रेसी उमेद सिंह मेहरा ने अन्य जनप्रतिनिधियों ने समर्थकों के साथ भाजपा का दामन थामा है। भाजपा में सम्मलित हुए जनप्रतिनिधियों ने कहा कि भाजपा की रीति-नीति और विकास कार्यों से प्रभावित होकर उन्होंने भाजपा का दामन थामा है। कैबिनेट मंत्री डा. धन सिंह रावत ने कहा कि श्रीनगर विधानसभा के विकास कार्यों से प्रभावित होकर निकाय चुनाव के दौरान सैकड़ों की संख्या में भाजपा की सदस्यता ले रहे हैं। मौके पर भाजपा श्रीनगर निकाय चुनाव के प्रभारी रमेश गडिया, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत, पूर्व जिलाध्यक्ष संपत सिंह रावत, भाजपा मंडल अध्यक्ष जितेंद्र धिरवांण, जितेंद्र रावत आदि मौजूद थे। (एजेंसी)