– संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही मोदी सरकार: सचिन पायलट
देहरादून। प्रदेश कांग्रेस ने संविधान बचाओ रैली के माध्यम से केंद्र की मोदी और राज्य की धामी सरकार को घेरा है। रैली को संबोधित करते एआईसीसी के राष्ट्रीय महासचिव एवं राजस्थान के पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने कहा कि मोदी सरकार संवैधानिक संस्थाओं का जमकर दुरुपयोग कर रही है। आज सीबीआई, ईडी जैसी संस्थाएं मोदी सरकार की कठपुतली बनकर रह गई हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार देश नहीं, अपनी सुविधा के अनुसार कानून बनाती और बदलती है। बुधवार को देहरादून के रेंजर्स ग्राउंड में आयोजित संविधान बचाओ रैली में प्रदेशभर से कांग्रेस नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता जुटे। मुख्य वक्ता के तौर पर रैली को संबोधित करते हुए सचिन पायलट ने कहा कि कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ पूरे देश में अभियान छेड़ा है। देश में कांग्रेस सरकारों ने संविधान को मजबूत करने का काम किया, लेकिन मोदी सरकार ने बीते 11 सालों में संवैधानिक संस्थाओं को खोखला करने का काम किया है। संविधान की भावना को मारने का काम किया है। पूरी दुनिया में भारतवर्ष के लोकतंत्र का उदाहरण यूं ही नहीं दिया जाता। लेकिन आगे भी ऐसा होगा, यह कहना मुश्किल है। उन्होंने कहा कि अब वक्त आ गया है, जब घमंड की इस सरकार को उखाड़ फेंकना चाहिए।
रैली को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि भाजपा की केंद्र और राज्य सरकार की ओर से देश के संविधान के साथ किए जा रहे खिलवाड़ को आज पूरा देश देख रहा है। अब वक्त आ गया है, जब संवैधानिक संस्थाओं के साथ किए जा रहे राजनीतिक दुरूपयोग के संदेश को घर-घर पहुंचाया जा जाए।
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि हम भले ही सत्ता में नहीं हैं, लेकिन हमारा आत्मबल बहुत मजबूत है। भाजपा सरकार महात्मा गांधी की जगह मोहन भागवत, बाबा साहिब भीम राव आंबेडकर की जगह नरेंद्र मोदी और बगल में अमित शाह का चित्र लगाना चाहती है। लेकिन कांग्रेस ऐसा नहीं होने देगी। वह इस देश की संवैधानिक संस्थाओं पर आंच नहीं आने देगी।
रैली को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि कांग्रेस का संविधान बचाओ अभियान केवल एक राजनीतिक पहल नहीं, बल्कि आम नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा का राष्ट्रीय आह्वान है। यह आंदोलन सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय की पुनः स्थापना के लिए है, जिसे भाजपा सरकार ने कमजोर कर दिया है।
इस दौरान रैली में बड़ी संख्या में प्रदेशभर से कार्यकर्ता जुटे। मंच का संचालन वरिष्ठ उपाध्यक्ष संगठन सूर्यकांत धस्माना ने किया।