– गोदियाल बोले, कांग्रेसी पृष्ठभूमि के व्यक्तियों का रखा है पूरा ध्यान
देहरादून(। प्रदेश सरकार के कैबिनेट विस्तार पर मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने चुटकी ली है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि वह मुख्यमंत्री धामी को बधाई देते हैं कि आधे से अधिक कैबिनेट अब कांग्रेस पृष्ठभूमि वाले व्यक्तियों की है। साथ ही उम्मीद जताई कि पहली विस्तारित कैबिनेट की बैठक में गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने का निर्णय लिया जाएगा। मीडिया से बातचीत में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि धामी सरकार ने मौजूदा कार्यकाल में शपथ लेने के बाद तीन सीट खाली रख यह संदेश दिया कि इन्हें जल्द भरा जाएगा। चार साल कार्यकर्ता इसी का इंतजार करते रहे। अब कहीं जाकर मंत्रिमंडल का विस्तार हुआ। उन्होंने कहा कि वह सभी नए मंत्रियों को बधाई देते हैं कि ऐसे समय में मंत्री बनने का मौका मिला है जब पूरा प्रदेश चाहता है कि गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाया जाए। वह उम्मीद कर सकते हैं कि विस्तारित मंत्रिमंडल की पहली बैठक में गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने का फैसला लेंगे। उन्होंने चुटकी ली कि वह मुख्यमंत्री धामी को बधाई देते हैं कि उन्होंने कांग्रेस पृष्ठभूमि के व्यक्तियों का पूरा ध्यान है। वहीं, कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि अंतिम वर्ष में पद भरकर भाजपा ने ‘का बरसा, जब कृषि सुखाने’ कहावत को चरितार्थ किया है। नए मंत्री अंतिम समय में राज्य के हित में कोई योगदान दे पाएंगे, इसकी संभावना न के बराबर है।