राहुल गांधी की बर्खास्तगी को अपनी ताकत बनाएगी कांग्रेस, जल्द होगा रणनीति का एला

Spread the love


नई दिल्ली, एजेंसी। राहुल गांधी की लोकसभा से बर्खास्तगी को कांग्रेस अपनी ताकत बनाएगी। पूरे देश में इसके लिए विशेष रणनीति बनाई जाएगी। कर्नाटक, राजस्थान, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ जैसे चुनावी राज्यों में चुनावों से जोड़ते हुए अभियान चलाए जाएंगे। उत्तर प्रदेश, बिहार और अन्य राज्यों में जनता के मुद्दों से जुड़े विषयों के साथ जनसंपर्क अभियान शुरू किया जाएगा। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने भी इसके संकेत दे दिए हैं। पार्टी को उम्मीद है कि इससे जमीनी स्तर पर उसका लोगों से जुड़ाव होगा और उसे इसका लाभ मिलेगा।
रविवार को कांग्रेस पार्टी ने राजधानी दिल्ली में ‘संकल्प सत्याग्रह’ के माध्यम से इस अभियान की शुरुआत भी कर दी है। महात्मा गांधी की समाधि राजघाट पर विरोध प्रदर्शन करने की अनुमति न मिलने पर पार्टी ने अपना विरोध जताया और इसे अपने प्रदर्शन करने के लोकतांत्रिक अधिकार पर हमला बताया। राजघाट के करीब अन्य स्थल पर विरोध प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला और इसे केंद्र सरकार की कायराना हरकत बताया।
कांग्रेस नेताओं का मानना है कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा ने उसका जनता से संपर्क मजबूत किया है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए जनसंपर्क अभियान शुरू किए जाएंगे। कर्नाटक, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में पार्टी आगामी चुनावों में विशेष संभावनाएं देख रही है। इन राज्यों में अभियान का सबसे आक्रामक तेवर देखने को मिल सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *